May 2, 2024

हरियाणा के खेल एवं युवा मामले के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया का आयोजन हरियाणा में होना खिलाडिय़ों के साथ-साथ खेल प्रेमियों व स्पोर्टस जगत के लिए बड़ी खुशी की बात है और खेलो इंडिया में देश के लगभग 8500 खिलाड़ी भाग लेंगे। खेल राज्यमंत्री आज वार हीरोज स्टेडियम अम्बाला छावनी में आल वैदर स्वीमिंग पुल व जिम्नास्टिक हाल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह बात उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कही।

खेल एवं युवा मामले के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया चौथे एडिशन के तहत पंचकूला, अम्बाला, शाहबाद व दिल्ली में प्रतियोगिताएं होंगी। इन्हीं प्रतियोगिताओं के तहत अम्बाला में जिम्नास्टिक व तैराकी प्रतियोगिताएं करवाई जायेगी। जिसका शुभारम्भ 4 जून को होगा। उन्होंने कहा कि यहां पर होने वाली प्रतियोगिताओं के दृष्टिगत खेल से सम्बन्धित सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, उसका निरीक्षण करने के लिए वे आज यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान इन प्रतियोगिताओं के तहत छोटी-छोटी चीजों में चेंजिग करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को कहा गया है। खेलो इंडिया के तहत अभी 15 दिन बाकी हैं और आज निरीक्षण के दौरान जिम्नास्टिक प्रतियोगिता से सम्बन्धित छोटी-छोटी चीजों में चेजिंग के लिए कहा गया है उन्हें जल्द दुरूस्त कर लिया जायेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि स्वीमिंग पुल में तैराकी से सम्बन्धित प्रतियोगिता के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान खेल राज्यमंत्री ने जिम्नास्टिक हाल का निरीक्षण किया। वहां पर उन्होंने प्रतियोगिता के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने आल वैदर स्वीमिंग पुल का भी निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने खिलाडिय़ों के लिए बनाये गये चेजिंग रूम, स्टोर रूम, मैस/कैंटीन, बॉक्सिंग हाल व खिलाडियों के लिए यहां पर उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

खेल एवं युवा मामले के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने इसके उपरांत सुभाष पार्क के नजदीक स्वर्गीय लै0 मुकेश आनंद स्पोर्टस कॉम्पलैक्स का भी निरीक्षण किया। यहां पर भी जिम्नास्टिक से सम्बन्धित प्रतियोगिताएं करवाई जानी हैं। यहां पर भी सभी तैयारियां दुरूस्त हैं इसका भी उन्होंने यहां पर जायजा लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से जानकारी ली।

इस मौके पर उपायुक्त विक्रम सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम डा0 बलप्रीत सिंह, डिप्टी डायरैक्टर खेल विभाग कविता रानी, डीएसओ सविता, कोच राम, अधीक्षक अभियंता सुखबीर, कार्यकारी अभियंता राज कुमार, कार्यकारी अभियंता रितेश नांदल, बीएस बिन्द्रा, ईओ रविन्द्र, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों के  अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *