- वापस लाने की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार के मिलगेट क्षेत्र के शिवनगर स्थित सरकारी स्कूल में गुरुवार सुबह बच्चों ने मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। बच्चे साइंस टीचर पूनम के तबादले से नाराज हैं और उन्हें वापस स्कूल में लाने की मांग कर रहे हैं।
सुबह करीब 6:55 बजे बच्चों ने स्कूल के गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद बच्चे बाहर प्रदर्शन करते रहे, जबकि स्कूल के टीचर अंदर ही रह गए। प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना है कि पूनम मैडम को वापस स्कूल में लगाया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
वहीं, कुछ बच्चों ने शिक्षकों के देरी से स्कूल पहुंचने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि समय पर पढ़ाई नहीं होने से उनकी शिक्षा बाधित हो रही है। स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने बताया कि साइंस टीचर पूनम का तबादला होने के कारण बच्चे विरोध कर रहे हैं।
दो घंटे बाद भी कोई अफसर नहीं पहुंचा
बच्चें अभी तक मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके कारण शिक्षक स्कूल के अंदर ही फंसे हुए हैं। दो घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है। बच्चे अपनी मांग पर अड़े हुए थे और पूनम टीचर को वापस स्कूल में लगाने की मांग कर रहे थे।
वहीं स्कूल के एक शिक्षक ने स्कूल में अंदरूनी राजनीति होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी के चलते पूनम का तबादला हुआ है।