October 12, 2026
12 oct 12
  • दर्जनों दुकानों के टूटने का था डर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पानीपत के सौदापुर में असंध रोड को फोरलेन बनाने की प्रस्तावित योजना के तहत दुकानों पर संकट की आशंका जताए जाने के बाद सोमवार सुबह मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हस्तक्षेप किया। ग्रामीणों और दुकानदारों ने सुबह करीब 11 बजे सौदापुर अड्डे पर मंत्री को रोककर अपनी समस्या बताई। इस पर मंत्री ने पीडब्लयूडी विभाग के एक्सईएन को फोन कर स्पष्ट निर्देश दिए कि “एक भी ईंट नहीं टूटनी चाहिए।” उन्होंने दुकानदारों को नुकसान से बचाने के लिए नाले की व्यवस्था में बदलाव करने की बात कही।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोमवार को मतलौडा से पानीपत जा रहे थे। इसी दौरान सौदापुर अड्डे पर ग्रामीणों और दुकानदारों ने उन्हें रोक लिया। लोगों ने बताया कि असंध रोड पर प्रस्तावित फोरलेन निर्माण के चलते गांव की दर्जनों दुकानों के टूटने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) की ओर से जमीन और दुकानों पर निशान भी लगाए गए हैं। इससे दुकानदारों में चिंता बनी हुई थी।

184 करोड़ रुपये की परियोजना से बदलेगी सड़क की तस्वीर

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि पानीपत से जींद तक सड़क को फोरलेन बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से खराब थी और यहां यातायात का दबाव भी अधिक रहता है। इसी को देखते हुए सड़क निर्माण की परियोजना तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि पानीपत से जींद तक सड़क परियोजना के लिए 184 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें 92 करोड़ रुपये की लागत से पानीपत से दरियापुर तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके आगे सड़क की चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी।

नाले की वजह से पैदा हुई थी दुकानों के टूटने की आशंका

ग्रामीणों और दुकानदारों ने मंत्री को बताया कि बीएंडआर की ओर से पहले ही नाला बनाया जा चुका है। प्रस्तावित सड़क निर्माण के दौरान इसी नाले के स्थान पर दूसरा नाला बनाए जाने की योजना से दुकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका पैदा हुई थी। विभाग की ओर से दुकानों और जमीन पर निशान लगाए जाने के बाद यह मुद्दा और गंभीर हो गया।

नाले पर बनेगा नया नाला

मंत्री ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए एक्सईएन से फोन पर बात की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य इस तरह किया जाए कि किसी दुकानदार की दुकान को नुकसान न पहुंचे। नाले की मौजूदा व्यवस्था का इस्तेमाल करते हुए उसी पर दूसरा नाला बनाने की बात कही गई, ताकि दुकानों को तोड़ने की नौबत न आए।