October 12, 2026
12 oct 4
  • चाबी से खोला अलमारी का ताला, बिखेरा सामान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल की संगोहा कॉलोनी में घर की अलमारी से सोने-चांदी के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला रानी की शिकायत के अनुसार, अलमारी में रखा आधा तोले का मोती वाला मंगलसूत्र, आधा तोले के सोने के टॉप्स, चांदी की कुंडली और चेन गायब मिली। महिला ने आशंका जताई कि अज्ञात चोर दिन के समय अलमारी की चाबी से ताला खोलकर गहने ले गया।

चोरी से करीब एक लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। सदर थाना करनाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अलमारी की चाबी से खोला ताला

संगोहा कॉलोनी निवासी रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कल जब वह घर पर थी, तब उसने अपनी अलमारी चेक की। अलमारी में रखे गहने नहीं मिले। महिला ने आशंका जताई कि अज्ञात चोर ने दिन के समय अलमारी की चाबी से ताला खोलकर गहने चोरी कर लिए। उसने पुलिस से चोर का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की है।

चौकी रम्बा में दी शिकायत

महिला की शिकायत 11 अक्टूबर को पुलिस चौकी रम्बा में प्राप्त हुई। इसके बाद एएसआई संदीप ने मामले में कार्रवाई करते हुए शिकायत थाना सदर करनाल भेजी, ताकि मुकदमा दर्ज किया जा सके। पुलिस ने शिकायत में बताए गए गहनों और चोरी की घटना के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

थाना सदर करनाल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई जसविंदर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि चोरी की शिकायत मिली है। करीब एक लाख तक का नुकसान का अनुमान है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।