October 5, 2026
5 oct 8
  • यूपी पुलिस केंटर भरकर सामान ले गई, AC, सोफा-बेड भी नहीं छोड़ा,  ₹1 लाख का इनाम रखा हुआ

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे 3 आरोपियों की संपत्ति यूपी पुलिस ने कुर्क की। शामली पुलिस करनाल और सोनीपत सिटी पुलिस के साथ तीनों के घर पहुंची और घर का छोटा-बड़ा सामान बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

पुलिस ने पूरा मकान खाली करा दिया। डबल बेड, एसी, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, जिम का सामान तक उठा ले गई। कार्रवाई न्यायालय से मिले कुर्की के आदेश के बाद की गई।

पुलिस के अनुसार, कुर्की नोटिस चस्पा होने के बाद भी आरोपी न तो गिरफ्तार हुए और न ही न्यायालय में पेश हुए, इसके चलते ये एक्शन लिया गया।

बता दें कि अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली के नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाई थीं। जिसके बाद यूपी पुलिस ने करनाल के सत्यम कादियान, आर्यन संधू और गोगी गैंग से जुड़े राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया को फरार घोषित किया हुआ है। तीनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है।

घर का पूरा सामान बाहर निकलवाया

यूपी पुलिस की टीम कुर्की के आदेश लेकर सत्यम कादियान, आर्यन संधू और भोलू शाहपुरिया के घर पहुंची। करनाल सिटी पुलिस की मौजूदगी में घर का सामान बाहर निकलवाया गया। पुलिस के अनुसार, घर में मौजूद छोटे-बड़े सामान को कब्जे में लेकर केंटर में लोड किया गया। सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि तीनों के घर की कुर्की के आदेश मिले थे।

आर्यन 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था

आर्यन संधू की उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है। उसके एक भाई और तीन बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनें विदेश में रहती हैं। उसके पिता नरेंद्र की कई साल पहले मौत हो चुकी है।

आर्यन ने सुभाष गेट स्थित निजी स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की थी। करीब 2-3 साल पहले उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद वह अक्सर सत्यम कादियान के साथ घूमता था। हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से उसके घर पर ताला लगा हुआ था।

आरोपियों के घर से यह सामान ले गई पुलिस

  • राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया: डबल बेड, सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी और जिम का सामान।
  • आर्यन संधू: सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी, इनवर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान।
  • सत्यम कादयान: सेफ, दीवान बेड, जिम का सामान, सोफा, डायनिंग टेबल समेत अन्य संपत्ति।

26 अगस्त को गोली मारकर हुई थी अंकित की हत्या

शामली के बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शहर में आर्यपुरी नाला पटरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके पिता सतबीर फौजी की शिकायत पर शहर कोतवाली में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों और शूटरों की तलाश शुरू की।

31 अगस्त को मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए

हत्याकांड के पांच दिन बाद 31 अगस्त की सुबह कैराना रोड पर पुलिस और शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें सुमित और मोहित नाम के दो आरोपी मारे गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश तेज कर दी।

तीनों फरार आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम

अंकित हत्याकांड में अब सत्यम कादियान, आर्यन संधू और राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया फरार हैं। पुलिस ने तीनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अब न्यायालय के आदेश के बाद उनकी संपत्तियों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जा रही है।