September 30, 2026
30 sep 13
  • जांच के लिए नहीं भटकेंगे मरीज, CT स्कैन-MRI की सस्ती दरें तय, बैठक में फैसला

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में अब न तो दवाओं का अकाल रहेगा और न ही ब्लड या जांच के लिए मरीजों को भटकना पड़ेगा। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपए के बजट और दर अनुबंधों (रेट कॉन्ट्रैक्ट) को मंजूरी दी है। यह फैसला हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अध्यक्षता में आयोजित “विशेष उच्च अधिकार प्राप्त खरीद समिति” (SHPPC) की बैठक में लिया गया।

हरियाणा सचिवालय में बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इन फैसलों से प्रदेशभर के सिविल अस्पतालों, आयुष केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, टीकों और डायग्नोस्टिक सुविधाओं की आपूर्ति निर्बाध रहेगी।

रक्तदान सेवाएं और सस्ती जांच: 4.18 करोड़ रुपए की लागत से 9 ‘ब्लड डोनेशन वैन’ के 2 साल के रेट कॉन्ट्रैक्ट को अंतिम रूप दिया गया। इससे दूरदराज के इलाकों में रक्तदान शिविर लगाना आसान होगा। सिविल अस्पताल, करनाल में पीपीपी (PPP) मोड पर सीटी स्कैन और एमआरआई (MRI) सेवाओं की सस्ती दरें तय की गईं।

अस्पतालों और ड्रग वेयरहाउस का इंफ्रास्ट्रक्चर: दवाओं और टीकों के सुरक्षित भंडारण के लिए 1.94 करोड़ रुपए की लागत से 274 स्टार्टर्स और एक्सटेंशन रैक खरीदे जाएंगे। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 86.23 लाख रुपए से 9 डीजल जनरेटर सेट (50 KVA) लगाए जाएंगे।

आंख और ईएनटी (ENT) जांच और सर्जरी: 12.22 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 6 ऑप्टिकल बायोमीटर, 13 ईएनटी ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप और 6 एडवांस्ड फेको इमल्सीफिकेशन मशीनें खरीदी जाएंगी।

टीबी जांच और ऑक्सीजन प्लांट्स: 6.72 करोड़ रुपए से 1 लाख ‘माइक्रो पीसीआर टीबी टेस्ट किट’ (ट्रूनेट चिप्स) खरीदी जाएंगी ताकि तपेदिक की त्वरित जांच हो सके। जिला अस्पतालों के पीएसए (PSA) ऑक्सीजन प्लांट्स के रखरखाव व संचालन के लिए 8.55 करोड़ रुपए का बजट मंजूर हुआ।