- दोबारा नहीं करेंगे, 1 नाबालिग निकला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के पंचकूला-शिमला हाईवे पर कुछ बाइकर्स का स्टंट करते हुए वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया। इसमें सात-आठ बाइकर्स जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार से स्कूटी और बाइकों पर स्टंट करते दिखाई दे रहे थे।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (आईपीएस) पंकज नैन के सामने जैसे ही यह वीडियो आया, उन्होंने तुरंत ट्रैफिक पुलिस को बाइकर्स की पहचान करने और एक्शन लेने का निर्देश दिए। बस फिर क्या था, ट्रैफिक पुलिस एक्टिव हुई और थोड़ी ही देर में दो वाहनों को इंपाउंड कर लिया।
इसके बाद दोनों बाइकर्स को थाने लाया गया। पता चला कि एक बाइकर नाबालिग है। पुलिस के एक्शन को देख दोनों ने हाथ जोड़ लिए और कहा- हमने हाईवे पर स्टंट किए थे, इसके लिए हम सॉरी बोलते हैं। हमने अपनी और दूसरों की भी जान से भी खिलवाड़ किया है। हमसे गलती हो गई, कसम खाते है कि भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं होगा। लोगों से भी अपील करते है कि आप भी स्टंट वगैरह न करें।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया, लेकिन एक की स्कूटी का 20 हजार और बाइक का 25 हजार रुपये का चालान काटा गया। दोनों वाहनों को जब्त भी कर लिया गया।
- चंडी मंदिर टोल प्लाजा के पास कर रहे थे स्टंट : डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक (आईपीएस) अमरिंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक वीडियो सोशलमीडिया पर वायरल रहा था, जिसमें कुछ युवक बाइक और स्कूटी से खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो की जांच की तो पता चला कि लोकेशन चंडी मंदिर टोल प्लाजा के पास की है।
- वीडियो के आधार पर की गई बाइकर्स की पहचान : डीसीपी ने बताया कि स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस को तुरंत एक्टिव किया गया। टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहनों और चालकों की पहचान की। जांच में सामने आया कि स्टंटबाजी कर रहे चालकों में से एक नाबालिग है।
- दोनों वाहनों को इंपाउंड किया, 45 हजार का चालान : इसके बाद सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की टीम ने दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया। साथ ही दोनों ड्राइवरों का 45 हजार रुपये का चालान काटा गया। एक वाहन का 20 हजार, जबकि दूसरे का 25 हजार रुपये का चालान किया गया। दोनों वाहनों को जब्त भी कर लिया गया।
- सूरजपुर थाने में हाथ जोड़कर मांगी माफी : डीसीपी के मुताबिक, दोनों बाइकर्स को सूरजपुर ट्रैफिक थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी गई। कार्रवाई के दौरान दोनों ने हाथ जोड़कर अपनी गलती मानी और भविष्य में ऐसा न करने की कसम खाई। उन्होंने अन्य युवाओं से भी अपील की कि सड़क पर इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
अन्य स्टंटबाज़ भी पुलिस के रडार पर
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक (आईपीएस) अमरिंदर सिंह ने बताया कि हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों पर खतरनाक ड्राइविंग और स्टंट करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मनचलों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।