September 29, 2026
29 sep 14
  • गेट पास नहीं कटने पर भड़का, जेब से माचिस निकाल बोला- आग लगाकर यहीं मरूंगा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में गेट पास नहीं कटने से किसान भड़क गया। किसान ने गेट पास काटने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया और सरकार व प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाई। किसान ने गेट पास नहीं कटने पर आत्मदाह की धमकी दी। उसने माचिस निकाल कर खुद का आग लगाने की बात कही।

असल में, बारवा गांव का किसान गुरचरण सिंह करीब 6 एकड़ की धान लेकर थानेसर अनाज मंडी पहुंचा, लेकिन गेट पास नहीं कटने से वह भड़क गया। किसान ने गेट पास बनाने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया और करीब एक घंटे तक कमरा बंद रखा। सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर ताला खुलवाया।

किसान बोला- मैं यही मरुंगा

गुरचरण सिंह ने बताया कि उसने अपनी फसल बेचने के लिए सरकार के नियम के मुताबिक पंजीकरण कराया है। वह फसल लेकर मंडी पहुंच गया तो गेट पर वेरिफिकेशन नहीं हो रहा। वह सुबह सुबह धान लेकर मंडी पहुंच गया था, लेकिन गेस पास काट रहे कर्मियों ने उसे बोला कि पोर्टल पर उसकी रजिस्ट्रेशन शो नहीं हो रही।

बस किसानों को यही काम रह गया

उसने सवाल उठाया कि वेरिफिकेशन किसकी जिम्मेदारी है। अगर वेरिफिकेशन और गेट पास के लिए इंतजार करना पड़ा तो वह अपनी फसल लेकर कहां जाएगा। क्या उनको और कोई काम नहीं है, बस सिर्फ यही काम रह गया कि फसल लेकर खड़े रहे। अब उनको पटवारी के पास भेजकर वेरिफिकेशन की बात कही जा रही।

माचिस निकाल बोला- यहीं मरुंगा

गेट पास नहीं कटने से नाराज किसान ने मौके पर जेब से माचिस निकाल ली और कमरे की चाबी फेंकते हुए बोला कि मैं यहीं मरुंगा, अगर उसका गेट पास नहीं काटा गया, यहीं आग लगाऊंगा। वो मेरा ट्रैक्टर खड़ा है। आरोप लगाया कि इससे पहले 7 बजे आया तो उसे 8 बजे सिस्टम चलने की बात कही थी।

वेरिफिकेशन में आ रही समस्या

सूचना पाकर शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और किसान गुरचरण को समझा-बुझाकर शांत किया और अधिकारियों से बातचीत की। गेट पास कटने का आश्वासन मिलने के बाद गुरचरण सिंह ने गेट पास वाले कमरे का ताला खोल दिया।

यूनियन के महासचिव दिलबाग सिंह ने कहा कि यह परेशानी सिर्फ एक किसान की नहीं है। कई किसानों को पोर्टल पर अपनी फसल का वेरिफिकेशन कराने में दिक्कत आ रही है। अभी तक करीब 20 प्रतिशत किसानों का ही वेरिफिकेशन पोर्टल पर दिख रहा है। धीरे-धीरे समस्या दूर हो रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन को व्यवस्था पूरी तरह तैयार करनी चाहिए थी।