- मुकुल कुमार और अजय कुमार के विभागों में बदलाव
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 3 वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा 25 सितंबर 2026 को जारी आदेशों के अनुसार, यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
केंद्र सरकार से वापस लौटे 2008 बैच के IAS अधिकारी निखिल गजराज को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए महानिदेशक, राज्य परिवहन हरियाणा के पद पर नियुक्त किया गया है। वे इस पद से 2012 बैच के IAS अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा को कार्यमुक्त करेंगे।
3 मुख्य अधिकारी, जिन्हें मिली नई जिम्मेदारी:
- निखिल गजराज (IAS 2008): केंद्र से वापसी के बाद इन्हें राज्य परिवहन, हरियाणा का महानिदेशक बनाया गया है।
- मुकुल कुमार (IAS 2011): पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) पंचकूला के मुख्य प्रशासक और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के MD पद पर तैनात थे। अब इन्हें निदेशक- सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (SEWA) विभाग तथा मुख्य मंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वे गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के MD और हॉस्पिटैलिटी विभाग के निदेशक व विशेष सचिव का प्रभार भी संभालेंगे।
- अजय कुमार (IAS 2013): मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव-द्वितीय अजय कुमार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP), पंचकूला का मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
7 दिनों के भीतर जारी करना होगा LPC
सरकार द्वारा जारी निर्देशों में संबंधित विभागों के DDOs को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि कार्यभार छोड़ने के 7 दिनों के भीतर अधिकारियों का LPC (लास्ट पे सर्टिफिकेट), लीव सैलरी और पेंशन कंट्रीब्यूशन निर्धारित फॉर्मेट में जारी कर दिया जाए और इसकी एक प्रति मुख्य सचिव कार्यालय को भेजी जाए।