September 26, 2026
26 sep 1
  • आज और कल 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, तापमान में गिरावट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में एक बार फिर मौसम बदल गया है है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। 26 सितंबर को 18 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।

इनमें यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। हिसार और भिवानी में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

शनिवार सुबह से ही 14 जिलों में बादल छाए हुए हैं। कुछ में हल्की धुंध भी देखने को मिली। 27 सितंबर मौसम के इसी तरह रहने की संभावना है। 28 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 29 सितंबर को छिटपुट स्थानों पर बारिश के बाद मौसम के शुष्क होने का अनुमान है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उधर, इस बार मानसून हरियाणा में काफी निराशाजनक रहा है। 1 जून से 21 सितंबर तक हरियाणा में 317.5 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 23% कम है।

  • पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ, हरियाणा-दिल्ली एनसीआर में असर: मौसम विज्ञानी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव हुआ है। शनिवार और रविवार को हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में दिखाई देगा। 28 सितंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और मौजूदा मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने से हरियाणा के उत्तरी जिलों और पूर्वी जिलों में तीन दिन हल्की बारिश बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। शेष हरियाणा में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बिखराव वाली बूंदाबांदी की सम्भावना बन रही है।
  • 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.2°C की गिरावट : डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, मौसम के बदलाव के कारण संपूर्ण इलाके में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पिछले 24 घंटे में हरियाणा के न्यूनतम तापमान में औसतन 1.2°C की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल, प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 20.5°C दर्ज किया गया है। यह तापमान सामान्य के करीब है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह भी तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

इस सीजन सामान्य से 23% कम बारिश

इस बार मानसून हरियाणा में काफी निराशाजनक रहा है। 1 जून से 21 सितंबर तक हरियाणा में 317.5 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 23% कम है। इससे पहले 2019 में 42% कम बारिश हुई थी। 2001 से 2026 तक के 26 सालों में 19वीं बार कम बारिश हुई है। केवल 7 बार ही सामान्य या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

जींद (-58%), सिरसा (-53%), कैथल (-49%), अंबाला (-49%), रोहतक (-47%) में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। वहीं पलवल में ही सामान्य से +22% अधिक बारिश हुई है।