September 25, 2026
25 sep 7
  • हिसार ACB ने ₹3 हजार लेते रंगेहाथ पकड़ा, 2 दिन बाद प्रमोशन होना था

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार में बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा का भाई राजेश कुमार रिश्वत कांड में फंस गया है। उसे 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट किया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को उसे रंगे हाथ पकड़ा।

अधिकारियों का कहना है कि राजेश ने राजगढ़-चंडीगढ़ हाईवे के पास एग्रीकल्चर लैंड पर कॉलोनी के लिए नहर के पानी की व्यवस्था के संबंध में रिश्वत मांगी थी। राजेश कुमार सिंचाई विभाग में असिस्टेंट रेवेन्यू क्लर्क (ARC) है। बताया जा रहा है कि 2 दिन बाद उनका प्रमोशन होने वाला था।

वहीं, राजेश के भाई घनश्याम शर्मा ने बातचीत में दावा कि उसने रिश्वत नहीं ली थी। वो सरकारी फीस थी, उसकी रसीद भी दी जाती है। इधर, ACB ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए राजेश की अरेस्टिंग का एक फोटो भी जारी किया है।

सिंचाई व्यवस्था के लिए रिश्वत मांगी

ACB से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एक कॉलोनी में सिंचाई व्यवस्था कराने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलते ही टीम ने पहले रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया।

₹3 हजार देकर राजेश के पास भेजा

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता को 3 हजार रुपए देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से रुपए लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

हिसार में केस दर्ज किया

ACB अधिकारियों का कहना है कि राजेश के पास से रिश्वत के 3 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत हिसार में केस दर्ज किया है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।

एक-दो दिन में प्रमोशन होने वाला था

बताया जा रहा है कि राजेश शर्मा सिंचाई विभाग में एआरसी पद पर तैनात हैं। उनका एक-दो दिन में प्रमोशन होने वाला था और इसके ऑर्डर भी जारी हो चुके थे। इसी बीच वह रिश्वत के मामले में गिरफ्तार हो गया। सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक एसीबी की टीम मामले की जांच में जुटी थी। राजेश शर्मा को ऑफिस में बैठाकर पूछताछ की गई।

भाई बोले- हमें भी नहीं जाने दिया

यशपाल शर्मा के दूसरे भाई घनश्याम शर्मा ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनके भाई को किसी केस में पकड़ा गया है। इसके बाद वे ऑफिस पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। उन्होंने कहा कि भाई राजेश को फंसाया जा रहा है। राजेश ने चालान के लिए फीस मांगी थी, जिसकी बाकायदा रसीद भी दी जाती है।