September 24, 2026
24 sep 5
  • कॉल रिकॉर्डिंग सुन दोनों तक पहुंची सोनीपत ACB
  • बिल पास कराने के लिए ठेकेदार से ₹4 लाख मांगे थे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिक्षा विभाग के जेई आशीष और एसडीओ विष्णु को 2.93 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ अरेस्ट कर लिया। स्कूल की बिल्डिंग के बिल पास करवाने की एवज में ठेकेदार से यह रिश्वत मांगी जा रही थी। दोनों ने ठेकेदार से 4 लाख रुपए की डिमांड की थी।

असमर्थता जताने के बावजूद दोनों चार लाख से एक रुपया कम लेने को राजी नहीं थे। इसके बाद ही ठेकेदार ने एसीबी से कॉन्टेक्ट किया और सबूत के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी। टीम ने पहले जेई को पकड़ा और फिर एसडीओ को अरेस्ट किया।

दोनों को एनएच-334बी पर फतेहपुर के पास से काबू किया। फिलहाल, टीम दोनों को अपने साथ ले गई हैं, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

बिल पास करने के नाम पर मांगे 4 लाख रुपए 

एसीबी के मुताबिक, मामला शिक्षा विभाग में भयापुर और बड़ौली स्कूल की बिल्डिंग से जुड़े बिलों को पास करने का था। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने बिल पास करवाने के लिए ठेकेदार से 4 लाख रुपए की डिमांड की थी। डिमांड पूरी न करने पर काफी दिनों से उसके बिल अटका रखे थे। दोनों ठेकेदार से एक लाख 40 हजार रुपए पहले ले चुके थे।

लगातार परेशान कर रहे थे दोनों अधिकारी 

अब बाकी की रकम जल्द से जल्द देने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद ठेकेदार ने सूचना एसीबी को दी। बताया कि दोनों अधिकारी उसके बिल पास नहीं कर रहे है। उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। ठेकेदार ने दोनों से मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी एसीबी को सौंपी। इसी रिकॉर्डिंग में दोनों अधिकारियों की ठेकेदार से रिश्वत को लेकर लंबी बातचीत हो रही थी।

एसीबी ने ट्रैप बिछाकर दोनों को पकड़ा

ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनने के बाद एसीबी ने दोनों को अरेस्ट करने के लिए ट्रैप बिछाया। इसके तहत ठेकेदार को 2 लाख 93 हजार रुपए देकर दोनों के पास भेजा। दोनों ने ठेकेदार को एनएच-334बी पर फतेहपुर के पास बुलाया। जैसे ही दोनों ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, एसीबी ने उन्हें काबू कर लिया।

सोनीपत एसीबी कर रही मामले की जांच

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान रिश्वत की मांग, रकम के लेनदेन और स्कूल बिल्डिंग के बिल से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, एसीबी की ओर से दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

कोई रिश्वत मांगे तो इस नंबर पर करें कॉल

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 तुरंत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें। शिकायत के सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।