September 19, 2026
19 sep 14
  • दूसरा बीच फ्लोर पर अटका, अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में सेक्टर 113 में निर्माणाधीन एम3एम बिल्डर के स्मार्टवर्ल्ड प्रोजेक्ट में काम कर रहे दो मजदूर गिर गए। इनमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर बीच के फ्लोर पर अटक गया, जिससे उसकी जान बच गई और चोट आई हैं।

मृतक की पहचान 19 वर्षीय मजदूर दिलखुश के रूप में हुई है, जो बिहार के कटिहार का रहने वाला था और घायल पश्चिम बंगाल निवासी वासुदेव है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर जबरदस्त हंगामा मच गया और उग्र हुए श्रमिकों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों की जमकर पिटाई कर दी।

19वीं मंजिल से गिरे

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर 113 स्थित एम3एम स्मार्टवर्ल्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान 19वीं मंजिल पर काम कर रहे दो श्रमिक पैर फिसलने या सुरक्षा उपकरणों की विफलता के कारण नीचे आ गिरे।

अधिकारियों पर फूटा श्रमिकों का गुस्सा

अपने साथी की मौत से गुस्साएं श्रमिकों ने आरोप लगाया कि साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसी के चलते यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही जब एम3एम की दूसरी कंपनी स्मार्टवर्ल्ड के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे, तो श्रमिकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

उत्तेजित श्रमिकों ने अधिकारियों को घेर लिया और सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उन पर हमला कर दिया। मजदूरों ने स्मार्टवर्ल्ड कंपनी के अधिकारियों को कंस्ट्रक्शन साइट पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। अधिकारियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। साइट पर काफी देर तक अराजकता और तनाव का माहौल बना रहा।

बजघेड़ा थाना पुलिस ने स्थिति संभाली

घटना की संवेदनशीलता और भारी हंगामे की सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना एसएचओ सुनील पुलिस की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने सबसे पहले उग्र हो रहे श्रमिकों को शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर में आक्रोशित मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत करवाया और उन्हें आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले में कानून के तहत निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने मृतक दिलखुश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल

हादसे ने गुरुग्राम में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि बिल्डर और ठेकेदार श्रमिकों की जिंदगी को दांव पर लगा देते हैं। ऊंचाई पर काम करने के बावजूद उन्हें आवश्यक सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट या सेफ्टी नेट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में लापरवाही बरती जाती है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में बजघेड़ा प्रभारी सुनील ने बताया कि किसी भी पक्ष की तरफ से किसी के खिलाफ शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल एक्सीडेंट का मामला मानकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है कि हादसे के वक्त सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।