September 18, 2026
18 sep 11
  • CCTV खंगालने में जुटी फरीदाबाद पुलिस

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव शाहुपुरा में देर रात पूर्व सरपंच के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। पूर्व सरपंच के मुताबिक चोर घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपए कीमत का सोना-चांदी और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों को कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दीवार कूदकर घर में घुसे चोर

गांव शाहुपुरा निवासी पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं और सभी परिवार के साथ एक ही घर में रहते हैं। बुधवार देर रात वह अपनी पत्नी और सबसे छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे। उनका दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे। परिवार की एक बहू बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। देवी के अनुसार देर रात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर घुसे।

कमरों की बाहर से कुंडी लगाई

देवी ने बताया कि चोरों ने घर के जिन कमरों में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उनके दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी। जिस कमरे में वह सो रहे थे, उसकी कुंडी बाद में खोल दी गई। सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली तो सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थी।

70 तोले सोना और ढाई किलो चांदी चोरी

पूर्व सरपंच के मुताबिक चोर घर से करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि सुबह ऊपर जाकर देखा, तो परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रकाश चंद के मुताबिक पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।