- संगत को बरताएंगे लंगर, ब्रह्मसरोवर पर करेंगे आरती
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंच चुके है। मुख्यमंत्री पिहोवा के जुरासी कलां गांव में संत बाबा ईशर सिंह दरबार पहुंचे। यहां संत बाबा ईशर सिंह की 51वीं बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संत बाबा ईशर सिंह की बरसी को लेकर जुरासी कलां में हरियाणा के साथ पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से संगत दरबार में पहुंचीं। दरबार में बरसी को लेकर 3 दिन से धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी यहां लंगर की सेवा भी करेंगे।
शाम को ब्रह्मसरोवर पर सेवा पखवाड़ा
मुख्यमंत्री शाम को PM मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प के तहत ब्रह्मसरोवर पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। यहां सेवा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। सेवा मेरा योगदान के तहत वीआईपी घाट पर विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया है। यहां मुख्यमंत्री रक्तदान करने वाले लोगों से मिलेंगे।
इसके बाद शाम 6 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में 12 हजार वर्गफुट में विशाल रंगोली तैयार की जाएगी। सेवा के रंग, राष्ट्र के संग थीम पर बनने वाली इस रंगोली में विभिन्न योजनाओं और सेवा से जुड़े संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसकी तैयारी में कलाकार जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री के साथ आमजन भी इस रंगोली के साथ सेल्फी लेंगे।
12 हजार वर्गफुट की रंगोली आकर्षण
ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में बनने वाली यह रंगोली कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रहेगी। 12 हजार वर्गफुट में तैयार होने वाली रंगोली के जरिए सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर इसे लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
आसमान में दिखेगा देश की उपलब्धियों का संदेश
इसी समय शाम 7 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें 500 ड्रोन के जरिए देश और प्रदेश की उपलब्धियों, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेश आसमान में प्रदर्शित किए जाएंगे। एक तरफ दीपदान और आरती होगी, तो दूसरी तरफ आसमान में ड्रोन शो के जरिए अलग-अलग आकृतियों और संदेशों का प्रदर्शन किया जाएगा।
1.25 लाख दीयों से जगमगाएगा ब्रह्मसरोवर
शाम 7 बजे आरती स्थल पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। इसमें दीपदान और सायंकालीन आरती की जाएगी। ब्रह्मसरोवर पर बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 1.25 लाख मिट्टी के दीयों से ब्रह्मसरोवर को रोशन करने की तैयारी है। जिलेभर में 3 लाख से ज्यादा दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
ब्रह्मसरोवर के अलावा ज्योतिसर तीर्थ, महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर, श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय, सरस्वती तीर्थ पिहोवा, श्री मारकंडेश्वर मंदिर, शिवाला रामकुंडी, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक थानेसर और स्थाणेश्वर महादेव मंदिर सहित जिले की सभी गौशालाओं में दीप जलाए जाएंगे।