- 15 शहरों में तापमान 35°C पार, 11 जिलों में सूखे जैसे हालात
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में फिर से मानसून कमजोर पड़ गया है। एक दिन पहले मौसम विभाग प्रदेश में अच्छी बारिश का अंदेशा जता रहा था मगर अब 2 जिलों अंबाला और यमुनानगर में ही बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अंदेशा जताया है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
बारिश में आई कमी और तेज धूप के कारण प्रदेश के औसतन अधिकतम तापमान में 0.8°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, 15 शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है।
हिसार राज्य में सबसे गर्म रहा
प्रदेश में मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिसार में सर्वाधिक तापमान 36.2°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 35.5°C, अंबाला में 35.4°C, सिरसा में 35.5°C और महेंद्रगढ़ में 35.9°C रिकॉर्ड हुआ।
यमुनानगर में रात का तापमान सबसे कम : मानसून की बेरूखी से न्यूनतम तापमान में 0.4°C का इजाफा हुआ, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 23.4°C दर्ज किया गया। अंबाला में रात का पारा 25.3°C, हिसार में 25.0°C, करनाल में 24.6°C, नारनौल में 24.5°C में दर्ज किया गया।
11 जिलों में सामान्य से कम बरसात
हरियाणा में इस मानसून सीजन (1 जून से 15 सितंबर) के दौरान बारिश का मिला-जुला और असमान पैटर्न देखने को मिला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आंकड़ों के अनुसार जींद और सिरसा जिले बारिश की भारी कमी यानी सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं।
इस सीजन में पलवल जिले में सबसे बेहतरीन मानसून रहा है, जहां सामान्य से 21% अधिक यानी 473.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। मानसून में सबसे कम बारिश जींद जिले में हुई है, जहां सामान्य से 60% कम (केवल 145.5 मिमी) बारिश हुई।
राज्य में दूसरे नंबर पर सबसे सूखा जिला सिरसा है, जहां सामान्य से 58% कम (महज 88.1 मिमी) बारिश हुई है। वहीं कैथल में 48%, रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र में 41%, करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37% पानीपत में 36%, सोनीपत में 31% बारिश कम दर्ज की गई।