- 50 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर होगी चर्चा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कैबिनेट की बैठक आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित मुख्य कक्ष में होगी। बैठक में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बैठक में कई अहम प्रस्ताव चर्चा और मंजूरी के लिए रखे जाएंगे। मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दौरान निवेशकों से 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले थे।
इसके अलावा 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे और इसी दिन रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित प्रदेशव्यापी हड़ताल को लेकर भी बैठक अहम मानी जा रही है।
50 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुजरात दौरे के दौरान निवेशकों के साथ हुई बैठकों में 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले। इनमें डिफेंस, रियल एस्टेट और ऑयल-गैस क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।
इसके अलावा एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 1,400 करोड़ तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 2,900 करोड़ रुपए के प्रस्ताव मिले। दौरे के पहले दिन करीब 12 हजार करोड़ रुपए के एमओयू साइन हुए थे।
5 नवंबर को अमित शाह का दौरा, रोडवेज हड़ताल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा आएंगे। इस दौरान वे करनाल में भाजपा की ‘प्रजातंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद अंबाला में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इसी दिन रोडवेज कर्मचारियों ने मांगों को लेकर 2 दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में सरकार के सामने अमित शाह के दौरे की तैयारियों के साथ हड़ताल से निपटने की चुनौती भी रहेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री अनिल विज दौरे की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।