September 15, 2026
15 sep 17
  • CM सैनी बोले- हरियाणा को मिलेगा 1280 क्यूसेक अतिरिक्त पानी, भावी पीढ़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दशकों से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना पर संबंधित राज्यों के बीच हुए समझौते को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के लिए एक ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ करार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद, सहयोग और आपसी सहमति के माध्यम से वर्षों पुराने इस विषय को सुलझाया गया है, जिससे न केवल प्रदेश की वर्तमान जरूरतें पूरी होंगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

इस ऐतिहासिक समझौते का रास्ता साफ होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यमुना नदी के जल में हरियाणा का वैध हिस्सा 48 प्रतिशत है। इसलिए जब भी ऊपरी क्षेत्रों में जल भंडारण क्षमता या पानी की उपलब्धता बढ़ेगी, उसका सबसे बड़ा फायदा हरियाणा प्रदेश को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि यमुना बेसिन पर रेणुका जी और लखवार परियोजनाएं पहले से ही निर्माणाधीन हैं। अब किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना पर भी जल्द ही काम शुरू होने जा रहा है। इन तीनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने पर हरियाणा के पानी का कुल शेयर बढ़कर लगभग 1143 MCM हो जाएगा।

केंद्रीय नेतृत्व की पहल से सुलझा दशकों पुराना विवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से लंबित किशाऊ परियोजना को आगे बढ़ाने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन सराहनीय रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सक्रियता और पहल से ही सभी हितधारक राज्यों के बीच सहमति की राह सुगम हो सकी। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने लगातार राज्यों और संबंधित मंत्रालयों/विभागों के साथ तालमेल बिठाकर काम किया, जिससे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिली है। मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर खेत और हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और किशाऊ परियोजना का समझौता इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।