- कुरुक्षेत्र पूर्व HSGMC मेंबर को लूटने वाले 3 बदमाश हरिद्वार से अरेस्ट
- 6 वारदातों का खुलासा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के पूर्व मेंबर सतनाम सिंह से 2 लाख रुपए की लूटने वाले तीन बदमाशों को कुरुक्षेत्र पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। बताया कि वे शादियों और अन्य फैमिली फंक्शन में वेटर का काम करते है।
दिन में किसी न किसी फंक्शन में काम करते और रात में सुनसान हाईवे और सड़कों पर लूटपाट। हथियार के रूप में वे तमंचे नहीं नुकीले सुए का इस्तेमाल करते थे। इसी सुए से वे फंक्शंस में कोल्ड ड्रिंक के लिए आने वाली बर्फ को तोड़ते थे। HSGMC के पूर्व मेंबर सतनाम सिंह पर भी इसी सुए से हमला किया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
लूट के बाद तीनों आरोपी हरिद्वार भाग गए थे। CIA-2 की टीम ने उन्हें हरिद्वार से ही गिरफ्तार किया। एक आरोपी अभिषेक ने बाथरूम जाने के बहाने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और भाग गया, जिसे मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया गया था। तीनों ने 6 वारदात करना कबूल किया है।
खास बात यह है कि वारदात के वक्त पीड़ित से जो भी मिलता, उसे लूट लेते थे। इनके कब्जे से लूटे गए LED, म्यूजिक सिस्टम और मोबाइल भी बरामद हुए है।
तीनों को हरिद्वार से पकड़ा, भागने की कोशिश में एनकाउंटर
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशा अभिषेक उर्फ अभी, आशीष उर्फ बिल्ला निवासीगण बलबेड़ा और अमित उर्फ अंकित निवासी हजवाना जिला कैथल है। सतनाम सिंह से लूट के बाद पुलिस ने तीनों को हरिद्वार से पकड़ा था। पुलिस के हाथ एक वीडियो लगी थी, जिसमें लूट करने के बाद तीनों बाइक पर भागते हुए दिखाई दिए थे।
इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने तीनों की पहचान की और फिर मोबाइल सर्विलांस के आधार पर तीनों को हरिद्वार से अरेस्ट कर लिया। वहां से लाते वक्त गांव कड़ामी के पास अभिषेक ने एक पुलिस कर्मचारी का हथियार छीनने की भी कोशिश की। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका।
अभिषेक के भागने की कोशिश करने पर पुलिस कर्मचारी ने फायर किया। गोली उसके बाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
- एक दिन पहले पुंडरी में की लूट : CIA-2 के इंचार्ज मंदीप सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने पिहोवा में सतनाम सिंह को लूटने से एक दिन पहले 31 अगस्त को कैथल के पुंडरी इलाके में भी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी सुनसान जगहों को लोगों को निशाना बनाते थे। पहले रेकी करते और मौका मिलते ही लोगों को लूट लेते थे। विरोध करने वाले को बर्फ तोड़ने वाले सूए से हमला कर घायल कर देते थे।
- शादियों में करते थे वेटर का काम : पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की बाइक का इस्तेमाल वारदात में करते थे। आरोपी शादियों में वेटर का काम करते थे। इसी दौरान उन्होंने बर्फ तोड़ने वाले सूए का इस्तेमाल करना सीखा। बाद में इसी सुए को लूट की वारदातों में हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने लगे। उनसे बर्फ तोड़ने वाले 2 सुए भी बरामद हुए।
- पिहोवा में लूटे थे 2 लाख रुपए : एक सितंबर की शाम HSGMC के पूर्व मेंबर सतपाल सिंह अपने मिस्त्री को 2 लाख रुपए देने के लिए बाइक पर निकले थे। वह गुहला-चीका रोड पर हुडा ग्राउंड के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही बदमाशों ने सतपाल सिंह से 2 लाख रुपए लूट लिए और उन्हें धक्का देकर बाइक से फरार हो गए।
HSGMC के पूर्व मेंबरबोले- पूरे पैसे की हो रिकवरी
उधर, लूट का शिकार हुए जत्थेदार सतपाल सिंह ने कहा कि मुझसे 2 लाख की लूट हुई थी। इसमें से 1 लाख 40 हजार की ही रिकवरी हुई है। आरोपियों से पूरे पैसे की रिकवरी कराई जाए। इस पर पुलिस का कहना है कि तीनों ने पूछताछ में कैथल और कुरुक्षेत्र में छह वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस अब इन मामलों की छानबीन कर रही है, ताकि पता चल सके कि ये वारदातें इन तीनों ने ही की या इनके और भी साथी है। तीनों को क्रिमिनल बैकग्राउंड भी खंगाला जा रहा है।