- चक्का जाम टला, मांगों पर बातचीत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा रोडवेज का 5 और 6 सितंबर को चक्का जाम स्थगित हो गया है। हड़ताल की घोषणा के बाद सरकर ने यूनियन पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुला लिया है। ऐसे में इसी वार्ता पर अगला निर्णय लिया जाएगा। इसे लेकर यूनियन पदाधिकारियों की वीसी के जरिए मीटिंग हुई थी, उसी में ये हड़ताल टालने का फैसला लिया गया।
इस बारे में सिरसा से डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह ने बताया कि सरकार से वार्ता का रास्ता खुला है। उनके प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया है। यदि उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनी, तो हड़ताल के लिए आगे 21 व 22 सितंबर की तारीख का समय रखा है। वीसी में यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार ने उनको मांगों को लेकर आश्वासत किया है।
इसको लेकर रोडवेज प्रशासन ने भी अतिरिक्त व्यवस्था करनी शुरू कर दी थी, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
यूनियनों ने किया था सांकेतिक धरना प्रदर्शन
इससे पहले सिरसा बस स्टैंड पर बुधवार को सिरसा की रोडवेज यूनियनों ने दो घंटे के लिए सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान यूनियन कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री द्वारा मांगें पूरी न करने पर सरकार विरोधी नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारियों ने बस स्टैंड पर पैदल मार्च निकाला और जीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा था।
सबसे पहले रोडवेज यूनियन नेताओं की चौपटा बस स्टैंड पर मीटिंग हुई थी और उसी में 5-6 सितंबर को चक्का जाम हड़ताल पर सहमति बनी थी।
इन मांगों को लेकर होनी थी हड़ताल
यूनियन की ओर से ड्राइवर और कंडक्टर का पे ग्रेड बढ़ाने, परिचालकों को तीन अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने और जोखिम भत्ता लागू करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा 10 साल के बकाया बोनस का भुगतान, अर्जित अवकाश की पुरानी व्यवस्था बहाल करने और विभाग में पक्की भर्ती करने की मांग भी शामिल है।
यूनियनों की मांग है कि इलेक्ट्रिक बसों को परिवहन विभाग के अंतर्गत लिया जाए। वर्कशॉप में कर्मचारियों की भर्ती करने और लंबित प्रमोशन करने की मांग भी रखी गई है।