October 18, 2026
18 OCT 9
  • दूध के रेट बढ़ाने को लेकर सिरसा में गरमाया माहौल

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में दूध के रेट बढ़ाने को लेकर किसान एवं पशुपालकों ने शनिवार को सिरसा में एक बार फिर मीटिंग बुलाई। इसे लेकर किसान व पशुपालक शहीद भगत सिंह स्टेडियम में एकत्रित हुए और दूध के रेट बढाने पर ठोस फैसला लिया। अब 2 नवंबर की सुबह 11 बजे वीटा मिल्क प्लांट के बाहर एक बार फिर धरना लगाने की तैयारी कर ली है।

किसान नेता प्रकाश सिंह ममेरा ने बताया, पिछले दिनों दूध को लेकर वीटा प्लांट पर तीन दिन धरना दिया था। तीसरे दिन फैसला लिया था कि 15 दिन के बाद एक और मीटिंग करेंगे यानी 17 अक्टूबर को मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में दूधपालक एवं डेयरी एसोसिएशन वालों ने आकर समर्थन किया है और फैसला लिया कि 2 नवंबर को वीटा प्लांट में ही अगली मीटिंग होगी।

तब तक सरकार ने दूध के रेट एवं फेट के दाम में बढ़ोतरी करती है तो ठीक है। वरना वहीं वीटा मिल्क प्लांट के बाहर धरना शुरू करेंगे। जब तक फेट के रेट नहीं बढ़ेंगे, तब तक लड़ाई जारी रहेगी। इस बारे में किसान व पशुपालकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम पर DC को ज्ञापन सौंपा है और इस प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान जसवीर सिंह भाटी ,प्रकाश ममेरा, हंसराज पचार, सोनू, सुरजीत सिंह बेगू, सोनू कंबोज, बृजलाल व रामदीप बराड़ आदि मौजूद रहे।

भाटी बोले- सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया

किसान नेता जसवीर भाटी ने मीडिया को दिए बयान में बताया, सरकार एवं प्रशासन ने अभी तक उनकी मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया है और न ही फेट के रेट बढाए गए हैं। इसीलिए वीटा प्लांट के बाहर धरने के दौरान 17 अक्टूबर को मीटिंग बुलाई थी। अब 2 नवंबर को प्लांट के बाहर मीटिंग कर अगला फैसला लेंगे।

मिलावटी दूध पर रोक लगाने की मांग

किसानों ने ये भी मांग की है कि मिलावट दूध पर रोक लगाई जाए और पशुपालकों को उनके दूध का उचित मूल्य मिले। किसनों ने भी आरोप लगाया कि इन दिनों दूध का उत्पादन कम है और प्लांट में पर्याप्त मात्रा में आवक दिखाई जा रही है। इसकी भी जांच की जाए।