- मुख्य आरोपी की तलाश, केयू प्रशासन ने सुरक्षकर्मियों की भर्ती के लिए लिखा लेटर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) कैंपस में स्कॉर्पियो से स्कूटी सवार दो युवतियों को टक्कर मारने और विरोध करने पर लॉ फैकल्टी के असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफतार कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल एक नाबालिग को अंबाला के बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्यारोपी अभी गिरफ्त से बाहर है। आरोपी कैथल जिले का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उधर, केयू प्रशासन करीब 40 सुरक्षाकर्मियों को आउटसोर्स पर लाने के लिए टेंडर निकालेगा। रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह ने सुरक्षाकर्मियों की नई भर्ती के लिए सरकार को पत्र लिखा है।
प्रोफेसर को जड़े थे थप्पड़
बता दें कि, घटना 14 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे की है। कैंपस में मॉडिफाई काली स्कॉर्पियो ने स्कूटी पर जा रही दो युवतियों को टक्कर मार दी थी। दोनों युवतियां स्कूटी से गिर गईं। आरोप है कि घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जतिन गहलोन के साथ मारपीट की और उन्हें थप्पड़ मारे।
प्रोफेसर की शिकायत पर KUK थाना में मामला दर्ज किया गया था। जांच थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम कर रही है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स ने वीसी ऑफिस के सामने धरना दिया था। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और पुलिस चौकी में उनके साथ बर्थडे मनाने के आरोप लगाए थे।
शुक्रवार, यानी 16 अक्टूबर देर रात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया।
स्कूटी को टक्कर लगते देख रुके थे प्रोफेसर
पुलिस को दी शिकायत में डॉ. जतिन गहलोन ने बताया कि वे युवतियों की मदद के लिए रुके। इसी दौरान कुछ युवक- युवतियों की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। प्रोफेसर ने युवकों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि उन्होंने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया।
वीडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी में विरोध
घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद मामला यूनिवर्सिटी में चर्चा का विषय बन गया। फुटेज में ब्लैक कलर की मॉडिफाइड स्कॉर्पियो स्कूटी को टक्कर मारती नजर आ रही है। टक्कर के बाद दोनों युवतियां कई फीट दूर जाकर गिरती दिखाई देती हैं। स्कूटी गाड़ी के टायरों के बीच फंस जाती है।
एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में प्रोफेसर के साथ मारपीट होती दिखाई देती है। आरोप है कि युवकों ने उनका कॉलर पकड़ा और थप्पड़ मारे। इन फुटेज को लेकर स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। शुक्रवार को स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स वीसी ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए।
आरोपियों के साथ बर्थडे मनाने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस चौकी में आरोपियों के साथ बर्थडे मनाया गया। उन्होंने इस संबंध में मोबाइल पर वीडियो दिखाने का दावा किया। धरने की सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। स्टूडेंट्स गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस कर रही मुख्य आरोपी की तलाश
थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम ने मामले में आर्यन निवासी घराड़सी, रवि निवासी नरवाना, जिला जींद और निशांत निवासी खनौदा, जिला कैथल को गिरफ्तार किया। मामले में शामिल कैथल जिले के एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया था। वहीं, मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।