- 7 जिलों में सूखे के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बुधवार को रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के केवल 3 उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ समेत बाकी सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। वहीं 1 जून से 26 अगस्त तक के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 257.9 मिमी बारिश हो चुकी है।
आमतौर पर अब तक औसत 299.9 मिमी बारिश होती है। इस बार 14% कम बारिश हुई है। वहीं अगस्त महीने में अब तक 109.9 मिमी बारिश हुई है। इस महीने में सामान्य औसत बारिश 96.1 मिमी होती है। अगस्त में 14% ज्यादा बारिश हुई है।
अगले 4-5 दिन सुस्त रहेगा मानसून
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां धीमी रहेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, दीघा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली है। हालांकि, उत्तरी हरियाणा पर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है, लेकिन अब मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटियों की तरफ खिसकने की संभावना बन रही है। इसके चलते राज्य में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ेंगी और बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।
करनाल और अंबाला में सबसे कम बारिश
हरियाणा में अगस्त के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो धान के इलाकों में सबसे कम बारिश हुई है। हरियाणा में इस समय 7 जिले रेड जोन (बारिश की भारी कमी) की श्रेणी में हैं। इसमें करनाल 51% कमी, अंबाला: 51% कमी, कैथल: 49% कमी, सिरसा 47% कमी, पंचकूला 44% कमी, रोहतक 36% कमी और जींद में 27% से 52% तक कमी देखने को मिली है।
इससे उलट भिवानी में सबसे ज्यादा 117% अधिक बारिश हुई है। वहीं फतेहाबाद में 50%, कुरुक्षेत्र में 19% अधिक, पलवल में 17% अधिक, चरखी दादरी में 11% अधिक और रेवाड़ी में 3% अधिक बारिश दर्ज की गई है।