August 19, 2026
19 aug 12
  • सफाई कर्मचारी पर शक

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सोनीपत जिले के थाना खरखौदा क्षेत्र के एक गांव में घर की अलमारी में रखी करीब चार तोले की सोने की चूड़ी गायब होने का मामला सामने आया है। चूड़ी गायब होने का पता उस समय चला, जब महिला ने अलमारी खोलकर उसे पहनने के लिए तलाश किया। काफी तलाश करने के बाद भी चूड़ी नहीं मिली।

परिवार ने घर में साफ-सफाई और कपड़ों के रख-रखाव का काम करने वाली महिला पर चोरी का शक जताते हुए पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी के लिए रखी थी सोने की चूड़ी

खरखौदा के थाना खुर्द निवासी महाबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी सरिता की तबीयत खराब रहती है। इसी कारण उसने घर की साफ-सफाई के लिए किरण पत्नी अशोक निवासी थाना खुर्द को काम पर रखा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी पत्नी की करीब चार तोले की सोने की चूड़ी अलमारी में रखी हुई थी।

अलमारी में नहीं मिली चूड़ी

महाबीर ने बताया कि उसकी पत्नी सरिता ने चूड़ी पहनने के लिए अलमारी खोली तो चूड़ी वहां नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने घर और सामान में काफी तलाश की, लेकिन चूड़ी का कोई पता नहीं चला। परिवार का कहना है कि चूड़ी घर में ही रखी हुई थी और अचानक गायब हो गई।

सफाई कर्मी पर जताया चोरी का शक

शिकायतकर्ता के मुताबिक किरण ही उनके घर में सफाई करने के साथ-साथ कपड़ों के रख-रखाव का काम करती थी। इसी वजह से महाबीर और उसकी पत्नी को शक है कि घर से गायब हुई सोने की चूड़ी किरण ने चोरी की है। शिकायत में पुलिस से किरण से पूछताछ कर चूड़ी बरामद कराने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

5.30 लाख रुपए बताई कीमत

शिकायत में सोने की चूड़ी की कीमत 5 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चूड़ी की बरामदगी और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। खरखौदा थाना पुलिस ने शिकायत पर धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज किया है।

एफआईआर की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं। मामले की सूचना प्रबंधक अधिकारी को भी दी गई है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और कथित तौर पर गायब हुई सोने की चूड़ी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।