August 19, 2026
19 aug 7
  •  अंतरिक्ष यात्री बनने का था सपना, वैज्ञानिकों से मुलाकात

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल की बेटी यशिका मैहला ने अमेरिका में 15 दिन रहकर अंतरिक्ष विज्ञान और मंगल ग्रह से जुड़े मिशन की महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। कॉन्वेंट स्कूल की 11वीं कक्षा की नॉन मेडिकल छात्रा यशिका का भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए यूनाइटेड स्पेस स्कूल के कार्यक्रम में चयन हुआ था।

इस दौरान उसने नासा के वैज्ञानिकों से मुलाकात कर अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से समझा और अलग-अलग देशों के विद्यार्थियों के साथ टीम में काम किया।

35 देशों से पहुंचे विद्यार्थी, टीमों में बांटकर हुआ काम

यशिका ने बताया कि उसे स्कूल के शिक्षकों के माध्यम से चयन की जानकारी मिली थी। यह उसके जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित थी। यूनाइटेड स्पेस स्कूल का यह कार्यक्रम करीब 29 साल से चल रहा है। इसमें अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले 35 देशों के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं।

कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों को उनकी रुचि और भूमिका के आधार पर अलग-अलग टीमों में बांटा गया। यशिका का चयन ग्रीन टीम में हुआ और उसे ‘सभ्यता एवं मंगल ग्रह पर आवास’ की भूमिका मिली। टीम ने मंगल मिशन से जुड़े अपने प्रोजेक्ट पर काम किया। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान भी देते थे।

कल्चर फेयर में ब्रेड पकौड़ा बनाकर पेश किया

यशिका ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग जगहों का भ्रमण भी कराया गया। विभिन्न देशों से आए विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ अपनी संस्कृति साझा की। पहले सप्ताह में सांस्कृतिक मेला आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने देश के लिए कहानी, संगीत और नृत्य जैसी प्रस्तुतियां दीं। खाने की चीजें भी पेश की गईं। यशिका ने भारत की ओर से ब्रेड पकौड़ा बनाया।

यशिका ने कहा कि वह भविष्य में एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनना चाहती है और बार-बार नासा जाना चाहेगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन अंतरिक्ष यात्री स्टीवन विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देने पहुंचे। यशिका ने कहा कि कल्पना चावला दीदी उनके लिए प्रेरणा हैं।