- CM के कार्यक्रम को दौरान हुआ था पथराव
वहीं, हांसी उपद्रव फैलाने वाले 10 किसान नेताओं को आज पुलिस ने कोर्ट पेश किया जहां इनको 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। आज कोर्ट से ले जाते समय किसान नेताओं ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए।
किसान नेताओं में शमशेर सिंह नंबरदार, सुरेश कौथ, सुरेंद्र पड़ाव चौक हिसार, सुभाषचंद्र गांव नहला, सतपाल लाडवा, सुमित गांव चिड़ी रोहतक, रणबीर गांव उमरा, वजीर सिंह लाडवा, जगमहेंद्र बहु अकबरपुर, सुलेंद्र गांव किनाला शामिल हैं।
हिसार में भी पुलिस का एक्शन देखने को मिला। यहां बरवाला टोल पर जाम लगाने पर लोगों व प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज किया गया है। इससे पहले हांसी पुलिस ने उपद्रव के बाद इस मामले में 150-200 की उग्र भीड़ पर लाठीचार्ज, 14 नामजद किसान नेताओं व पूर्व सरपंचों समेत अन्य पर जानलेवा हमले व राष्ट्रध्वज अपमान की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की थी।
पहले जानिए कल हांसी में क्या हुआ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वतंत्रता दिवस पर हांसी स्थित नेहरू कॉलेज में जिला स्तरीय ध्वजारोहण समारोह से ठीक पहले भारी हंगामा और उपद्रव हो गया था।
जीवन कूंडू हत्याकांड को लेकर पिछले 10-12 दिनों से विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक चेतावनियों को दरकिनार करते हुए सिसाये पुल नाके पर तैनात पुलिस बल पर ट्रैक्टर चढ़ाने और भारी पथराव करने की कोशिश की।
हिंसक हमले में हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर उग्र भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
इस तरह बिगड़ते चले गए हालात…
सुबह 6:40 बजे सिसाये पुल पर एकत्रित हुए : पुलिस एफआईआर के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह करीब 6:40 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों में सवार 150 से 200 लोगों की उग्र भीड़ स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर बढ़ने लगी।
मौके पर तैनात कार्यकारी मजिस्ट्रेट उदयवीर झाझड़िया, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) रविंद्र सांगवान और थाना प्रबंधक (शहर हांसी) निरीक्षक सुखजीत सिंह ने भीड़ को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
उपद्रवियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी : पुलिस के अनुसार, उपद्रवियों द्वारा पुलिस बल को धमकी दी गई कि तुम सभी यहां से भाग जाओ, नहीं तो हम तुम पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मार देंगे और किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री को आज शहर हांसी में ध्वजारोहण नहीं करने देंगे।
मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुआ लाठीचार्ज : भीड़ के लगातार हिंसक होने और बैरिकेड्स तोड़कर पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश के बाद, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 16 व 17 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज की अनुमति दी। पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को डेटा रोड कैंची तक खदेड़ा।
एसपी खुद मौके पर पहुंचे : इसी बीच सूचना पाकर एसपी हांसी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ कैंची चौक पहुंचे। उपद्रवियों ने दोबारा पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। एसपी विनोद कुमार ने खुद आगे होकर जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए भीड़ को तितर-बितर कराया, जिसके बाद मुख्यमंत्री का ध्वजारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हो सका।
कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका- डीसी
वहीं जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त महेंद्र पाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए हिसार शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रतिबंध लागू किए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार हाल ही में हिसार में हुई एक घटना के संबंध में मृतक के परिजनों एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन और टोल प्लाजा बंद करने के आह्वान के मद्देनजर कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।