September 15, 2026
30 july 18
  • लग्जरी कार में छिपाकर लाया, नोएडा की पॉश सोसाइटी में रहता था

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में एक प्राइवेट एयरलाइन का पायलट ड्रग्स की बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया। वो अपनी लग्जरी कार में ड्रग्स को नोएडा से छिपाकर लाया था। ड्रग्स की मात्रा 814 ग्राम है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 40 लाख रुपए के करीब आंकी जा रही है।

आरोपी के पास एयर पायलट लाइसेंस है और वह पहले एक प्राइवेट एयरलाइन में पायलट के तौर पर काम करता था, लेकिन अभी वह प्राइवेट फर्म में चार्टर्ड प्लेन उड़ाता है।

क्राइम ब्रांच ने बताया कि उन्हें काफी दिनों से इसको लेकर जानकारी मिल रही थी। जिसके बाद आज सुबह 10 बजे सेक्टर-103 के पास नाकाबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया।

केरल का रहने वाला है आरोपी: पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान केरल निवासी अरशद अली (32) उर्फ अज्जू के रूप में की है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के दौलताबाद स्थित लैंडमार्क सोसायटी में रह रहा था।

प्राइवेट एयरलाइंस में था पायलट: जांच में सामने आया कि अरशद एक नामी प्राइवेट एयरलाइंस में बतौर पायलट काम करता था। वो वीआईपी चार्टर्ड प्लेन उड़ाता है। पुलिस के अनुसार, वह नौकरी की आड़ में लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में शामिल था।

814 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तारी: क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कार में भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर गुरुग्राम पहुंचने वाला है। इसके बाद सेक्टर-103 के पास नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 814 ग्राम कमर्शियल मात्रा में MDMA बरामद हुई।

नशे की लत से बना तस्कर: पुलिस पूछताछ में अरशद ने बताया कि शुरुआत में वह खुद ड्रग्स का सेवन करता था। धीरे-धीरे नशे की लत बढ़ने के कारण पैसों की जरूरत हुई और इसी वजह से वह ड्रग्स तस्करी में उतर गया।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ: एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजेंद्र पार्क थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। कमर्शियल मात्रा में MDMA बरामद होने के कारण आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे ड्रग सिंडिकेट का खुलासा किया जा सके।

क्या है MDMA ड्रग्स?

एमडीएमए (MDMA) एक कृत्रिम नशीला पदार्थ है, जिसे एक्सटेसी या मॉली भी कहा जाता है। यह दिमाग और तंत्रिका तंत्र पर असर डालता है। एक्सपर्ट का कहना है कि इसे लेने से कुछ समय के लिए बहुत ज्यादा खुशी, ऊर्जा और लोगों के साथ अपनापन महसूस हो सकता है। इसकी लत लगने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर भी पड़ सकता है।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि मामले में अरशद के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। उस सिंडिकेट की तलाश की जा रही है, जो उसे नोएडा से ड्रग्स की खेप उपलब्ध कराता था। पुलिस की टीमें नोएडा और दिल्ली एनसीआर के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि अरशद यह ड्रग्स गुरुग्राम के किन-किन से लेता था।

पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट के तार अन्य राज्यों और एयरलाइन क्षेत्र से जुड़े कुछ अन्य लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं।