July 30, 2026
30 july 9
  • चलता-फिरता जिम और ‘गोल्डन कांवड़’ को देखने उमड़ी भीड़, कांवड़िए बोले-नशे छोड़ जिम अपनाओ

ह​रियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सावन की शुरुआत के साथ हरियाणा में कांवड़ यात्रा भी रफ्तार पकड़ चुकी है। इस बार शिवभक्त सिर्फ आस्था ही नहीं, बल्कि अपनी क्रिएटिविटी और अलग अंदाज से भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

कोई 5 करोड़ रुपए से महंगी लग्जरी कार पर कांवड़ लेकर निकल रहा है तो कोई चलते-फिरते जिम वाली कांवड़ के जरिए फिटनेस का संदेश दे रहा है। गुरुग्राम से सटे नजफगढ़ के युवाओं की ऐसी ही ‘जिम कांवड़’ यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

गुरुग्राम से सटे नजफगढ़ के युवाओं ने अपनी कांवड़ को एक ‘चलते-फिरते जिम’ का रूप दिया है। एक बड़े वाहन पर जिम के उपकरण जैसे डंबल्स, बारबेल्स और पुल-अप बार लगाए गए हैं। यात्रा के दौरान भजन बजते ही ये युवा व्यायाम करते हैं और फिर कांवड़ लेकर आगे बढ़ते हैं। युवाओं का संदेश है कि शिव भक्ति के साथ-साथ मजबूत और स्वस्थ शरीर भी बेहद जरूरी है।

 

चार दोस्त लाए जिम कांवड़, बताया मकसद

गुरुग्राम से जिम कांवड़ लेकर आ रहे चार दोस्त चिराग, अमित, मितू और सोनू ने बताया कि इस समय युवाओं में नशा करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। नशा करके युवा क्राइम एक्टिविटी में भी शामिल होने लगते हैं।

सभी ने कहा- अगर हम फिटनस की तरफ ध्यान देंगे और नशे का त्याग करेंगे तो हमारा शरीर ठीक रहेगा और युवा गलत दिशा में भटक नहीं पाएंगे। जिम कांवड लाने का हमारा मकसद यही है। चिराग समसपुर, अमित मुंडेला, मितू और सोनू नजफगढ़ से हैं।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार से लेकर गुरुग्राम तक वे आमजन खासकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे और उनके बेहतर फिटनेस और भविष्य के टिप्स देंगे। इस कांवड का जगह-जगह स्वागत भी किया जा रहा है।

5.5 करोड़ की सुपरकार पर विराजे भोलेनाथ

कांवड़ यात्रा में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा गुरुग्राम सीमा से सटे दिल्ली के नवादा गांव के युवकों की टोली की हो रही है। युवाओं ने इस बार किसी पारंपरिक कांवड़ के बजाय 5.5 करोड़ रुपए की लग्जरी मैकलारेन 720एस सुपरकार पर शिवजी को विराजमान कर ला रहे हैं।

आधुनिकता और अध्यात्म के इस अनोखे मिश्रण को देखने के लिए हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। युवाओं का कहना है कि वे बाबा भोलेनाथ को सबसे भव्य और आधुनिक तरीके से अपने गांव ले जाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने महीनों की मेहनत से यह अनूठा मॉडल तैयार किया।

सोनीपत के युवाओं की ‘गोल्डन कांवड़’

दूसरी ओर, हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के शिव भक्तों की टोली ने अपनी कांवड़ को बेहद शाही रूप दिया। युवक गोल्ड प्लेटेड सजे शिव स्वरूप के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे हैं।

इस ‘गोल्डन कांवड़’ की चमक दूर से ही लोगों को अपनी ओर खींच रही है। सुरक्षा के लिहाज से इस टोली के साथ विशेष रूप से अन्य ग्रामीण भी मुस्तैद हैं। भक्तों का कहना है कि उनके आराध्य देव ‘स्वर्ण’ से भी अधिक मूल्यवान हैं, इसलिए यह उनकी भक्ति प्रकट करने का ये एक तरीका है।

तिरंगा और मिसाइल कांवड

इन अनोखी कांवड़ों के अलावा, इस बार यात्रा में देशभक्ति और सामाजिक संदेशों का भी तड़का लगा है। कई कांवड़िए राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ के साथ बाबा की पालकी लेकर चल रहे हैं। तो मिसाइल कांवड भी युवक लेकर चले हैं। कुछ शिव भक्तों ने पूरी कांवड़ को नोट, रुद्राक्ष और तुलसी के पौधों से सजाया है।

कुछ कांवड़ों पर डिजिटल स्क्रीन और बेहतरीन साउंड सिस्टम भी लगाए गए हैं, जो शिव तांडव स्त्रोत के साथ-साथ लेजर शो का प्रदर्शन कर रहे हैं।