July 28, 2026
28 july 14
  • एक रात में चोरों ने 10 दुकानों के तोड़े ताले, व्यापारियों का फूटा गुस्सा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल जिले के घरौंडा शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नाराज दुकानदारों ने मंगलवार को पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह मार्च पटवारी मोहल्ले से शुरू होकर मेन बाजार, तकिया मार्किट, रेलवे रोड और सर्विस रोड से होते हुए घरौंडा थाना पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे।

एक रात में 8-10 दुकानों को बनाया निशाना

मंगलवार को घरौंडा के दुकानदार, समाजिक कार्यकर्ता, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष व कार्यकर्ता घरौंडा के पटवारी मोहल्ले में एकत्रित हुए और वहां से मुंह पर काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े। ब्लॉक अध्यक्ष रोबिन माइकल, सोनू कश्यप, बाबा मीर सिंह, जगपाल सिंह, वेदप्रकाश, योगेंद्र शर्मा व अन्य दुकानदारों के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को मेन बाजार में तीन चोरों ने 8 से 10 दुकानों के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपए की चोरी की। इस दौरान नकदी के साथ-साथ सामान भी चोरी किया गया।

विनोद की शिकायत पर केस दर्ज

मामले में विनोद कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान ‘विनोद कन्फेक्शनरी’ मेन बाजार में है। रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उन्हें फोन आया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। सुबह पहुंचने पर देखा कि शटर खुला था और अंदर रखी 8 हजार रुपए नकद राशि व कुछ सामान गायब था। आसपास के लोगों से पता चला कि कई अन्य दुकानों के ताले भी टूटे हैं।

इन दुकानों में हुई चोरी

जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें विनोद पुत्र धर्मपाल (विनोद कन्फेक्शनरी), पंकज पुत्र मदनलाल (भाटिया इलेक्ट्रिक्स), मिगलानी जनरल स्टोर, चावला करियाणा स्टोर, अमन मेडिकल स्टोर, धीमान मोबाइल, सेठी जनरल स्टोर (पुश्प सिंह), धर्मपाल करियाणा स्टोर और राधे बुक शॉप शामिल हैं।

तीन महीने में 30 दुकानें बनीं निशाना

दुकानदारों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में शहर में करीब 30 दुकानों के ताले तोड़े जा चुके हैं। छोटे व्यापारी पहले ही आर्थिक दबाव में हैं और लगातार हो रही चोरियों से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान दुकानदार टूटे हुए ताले हाथ में लेकर पहुंचे, ताकि प्रशासन उनकी समस्या की गंभीरता को समझ सके।

पुलिस कार्रवाई और जांच जारी

घरौंडा थाने में सब इंस्पेक्टर मनजीत सिंह के सामने दुकानदारों ने अपनी समस्याओं को रखा। जिसमें उन्होंने मांग की कि शहर में गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए चोरों को तुरंत प्रभाव से पकड़ा जाए। जिस पर सब इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में कैद हुए चोरों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है और सीआईए को भी यह फुटेज भेजी गई है।

इन आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर में गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।