- जलभराव के बाद स्कूल की छुट्टी, यमुना का जलस्तर बढ़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में शुक्रवार सुबह पानीपत, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में सुबह बारिश हुई। दोपहर को फरीदाबाद में बारिश हुई। कुरुक्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में आंधी से एक पेड़ गिर गया। वहीं लाडवा के पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बारिश का पानी भर जाने से छुट्टी कर दी गई।
कुरुक्षेत्र के ही धनतोड़ी गांव में बरसात के दौरान ट्रांसफॉर्मर के करंट की चपेट में आने से 2 सगे भाइयों की मौत हो गई। परिवार एक तीसरा सदस्य भी इसकी चपेट में आने से घायल हो गया।
वहीं, लगातार पहाड़ों पर हो रही बारिश से यमुना के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर 50 हजार क्यूसेक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शाम साढ़े 6 बजे तक गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, हिसार, हांसी, सिरसा, फतेहाबाद , यमुनानगर, कुरुक्षेत्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सांय 3.30 बजे जारी… अगले तीन घंटो में गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, चरखीदादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, हिसार, हांसी, सिरसा, फतेहाबाद , यमुनानगर, कुरुक्षेत्र में हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना । इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश संभावित।
ट्रांसफॉर्मर से करंट लगा, सगे भाइयों की मौत
कुरुक्षेत्र के धनतोड़ी गांव में शुक्रवार सुबह बारिश के बाद ट्रांसफार्मर से निकल रहे एक तार में करंट फैल गया। बलविंद्र नाम का व्यक्ति भी इसकी चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए बड़े भाई नाथी राम ने जैसे ही तार को दूर करने की कोशिश की उसे भी करंट लग गया।
दोनों को तड़पता देख नाथी राम का बेटा नरेश उर्फ लाडी (35) उन्हें बचाने की कोशिश करने लगा। उसे भी करंट लग गया। परिजनों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टों ने नाथी राम और बलविंद्र को मृत घोषित कर दिया।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू
यमुना नदी के कैचमेंट एरिया हिमाचल-उत्तराखंड की पहाड़ियों पर बीते 48 घंटे से जमकर बरसात हो रही है। इससे यमुना नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह 4 बजे हथिनीकुंड बैराज पर यमुना का जलस्तर 39, 933 क्यूसेक था। जो सुबह 10 बजे बढ़कर 50,640 क्यूसेक तक पहुंच गया।
हरियाणा, यूपी व दिल्ली को जलापूर्ति के बाद सरप्लस 33000 क्यूसेक पानी को दिल्ली की दिशा में डायवर्ट किया गया है। सिंचाई विभाग के मुताबिक नदी का जलस्तर अभी मिनी फ्लड लेवल से नीचे है। फ्लड का खतरा फिलहाल नहीं है।
यमुनानगर में सोम नदी और पथराला नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सोम नदी में 18 हजार क्यूसेक और पथराला में 8 हजार क्यूसेक तक पानी पहुंच गया है।
फरीदाबाद में सबसे अधिक बारिश
मानसून एक्टिव होने से फरीदाबाद में सबसे अधिक बारिश हुई। यहां सामान्य से 207 प्रतिशत अधिक यानी 92.3 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गुरुग्राम में 87.2 MM (147% अधिक) बारिश दर्ज हुई। वहीं सबसे कम बारिश सिरसा जिले में देखने को मिली, जहां सामान्य से 98 प्रतिशत कम (0.3) MM बारिश हुई। फतेहाबाद में भी सिर्फ 1.6 MM बारिश ही दर्ज हुई।
जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…
सिरसा में पारा 39.4°C: पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 39.4°C सिरसा में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हिसार में पारा 37.0°C दर्ज हुआ। दूसरी तरफ, बारिश के चलते करनाल में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.1°C नीचे 27.4°C रिकॉर्ड हुआ।
गुरुग्राम की रातें सबसे ठंडी: राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2.1°C कम बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0°C गुरुग्राम में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.0°C कम है। इसके अलावा नारनौल में रात का पारा 22.5°C रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में रात का तापमान 24°C से 27°C के बीच बना हुआ है।