- इंट्रा हरियाणा पोर्टल से लगेगी लीव, ई-ऑफिस से चलेंगी फाइलें, हिसार में हुई वर्कशॉप
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार में सरकारी कार्यालयों में कागजी झंझट खत्म करने और डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अब जिला स्तर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश (लीव) की पूरी प्रक्रिया केवल ‘इंट्रा हरियाणा’ पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन होगी।
इसके साथ ही दफ्तरों में फाइलों को आगे बढ़ाने (मूवमेंट) के लिए भी केवल ‘ई-ऑफिस’ प्रणाली का उपयोग करना अनिवार्य कर दिया गया है। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में एचआरएमएस, ई-ऑफिस और इंट्रा हरियाणा पोर्टल को लेकर एक विशेष कार्यशाला हुई। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) शालिनी चेतल ने की।
कार्यशाला में जिला वन अधिकारी रोहताश बिरथल, डीडीपीओ नरेंद्र कुमार, सीएमजीजीए अमोल, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार और डीआईओ दीपक भारद्वाज सहित कई विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, समय पर निपटाएं आवेदन
एडीसी शालिनी चेतल ने सभी विभागाध्यक्षों को दो-टूक निर्देश दिए कि वे अपने अधीन काम करने वाले स्टाफ के अवकाश संबंधी सभी आवेदन और उनकी मंजूरी की प्रक्रिया इंट्रा हरियाणा पोर्टल पर ही सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम को बढ़ावा दे रही है। ऑनलाइन सिस्टम से न केवल रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित रहेगा, बल्कि बेवजह की कागजी औपचारिकता और समय की बर्बादी से भी राहत मिलेगी। एडीसी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि कर्मचारियों के छुट्टी के आवेदनों को बिना वजह लटकाया न जाए और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाया जाए।
वर्कशॉप में दी गई तकनीकी ट्रेनिंग
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल पर लीव मैनेजमेंट की पूरी प्रक्रिया प्रैक्टिकल तरीके से समझाई गई। उन्हें पोर्टल पर लॉगिन करने, अवकाश का आवेदन करने, सीनियर अधिकारियों द्वारा उसे एप्रूव (स्वीकार) करने और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
जानिए, क्या है इंट्रा हरियाणा’ पोर्टल?
यह हरियाणा सरकार द्वारा विशेष रूप से अपने सरकारी कर्मचारियों के लिए तैयार किया गया एक सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसे राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित किया गया है।
पहले कर्मचारियों को सैलरी स्लिप, जीपीएफ (GPF), सर्विस बुक या छुट्टी की मंजूरी के लिए अपने विभाग के चक्कर काटने पड़ते थे और फाइलों का इंतजार करना पड़ता था। इस पोर्टल का उद्देश्य इन सभी कामों को पूरी तरह से पेपरलेस, पारदर्शी और ऑनलाइन बनाना है।
कर्मचारियों को इस पोर्टल से ये-ये सुविधाएं मिलेंगी
लीव मैनेजमेंट : कर्मचारी किसी भी प्रकार की छुट्टी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और उनके उच्च अधिकारी ऑनलाइन ही इसे मंजूर या नामंजूर कर सकते हैं।
ई-सैलरी स्लिप: कर्मचारी अपनी हर महीने की सैलरी स्लिप यहां से डाउनलोड कर सकते हैं।
सर्विस बुक: कर्मचारी अपनी पूरी नौकरी का डिजिटल रिकॉर्ड (बायोडाटा, जॉइनिंग, ट्रांसफर, प्रमोशन) देख सकते हैं।
जीपीएफ और पेंशन विवरण: भविष्य निधि (GPF) खाते की स्थिति, लोन स्टेटमेंट और पेंशन से जुड़ी जानकारियां यहां उपलब्ध होती हैं।
ACR : कर्मचारी अपनी सालाना परफॉरमेंस रिपोर्ट भी इसी पोर्टल के जरिए देख और भर सकते हैं।