- पानीपत-पंचकूला में बूंदाबांदी, 5 डिग्री तक गिरा तापमान, गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसूनी हवाएं पूरी तरह एक्टिव हो गई हैं। लगातार तीन दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 6 शहरों में ऑरेंज और 7 शहरों में यलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद और पंचकूला में बारिश हुई। करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां 12 सेंटीमीटर (120 MM) या उससे अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी है।
प्रदेश के 7 जिलों- हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र में बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।
आज और कल अच्छी बारिश के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज और कल हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश की गतिविधी जारी रहेगी। 10 जुलाई को उत्तर हरियाणा (अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर) में तेज बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 11 जुलाई से बारिश धीरे-धीरे कम होगी। जिससे पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद और हिसार पूरी तरह शुष्क हो सकते हैं।
गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश
हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश गुरुग्राम में 83.0 MM और करनाल में 79.5 MM दर्ज की गई।
इसके अलावा पलवल में 42.0 MM, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर 36.0 MM, नुंह में 25.5 MM बारिश हुई। वहीं अंबाला में 19.9 MM, कैथल में 15.5 MM, रोहतक में 6.8 MM, महेंद्रगढ़ में 4.0 MM बारिश हुई।
अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.2°C नीचे आ गया है। गुरुग्राम में दिन का पारा गिरकर 29.0°C और करनाल में 29.6°C पर आ गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2°C रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट
न्यूनतम तापमान में बारिश के चलते औसतन 2.2°C की गिरावट देखी गई है, जिससे रातें अधिक सुहावनी हो गई हैं। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में रोहतक में सबसे अधिक 3.8°C की गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7°C कम है।