July 8, 2026
8 july 5
  • IMA देहरादून में 9 जुलाई से प्रशिक्षण

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  झज्जर जिले के गांव खानपुर कलां के 20 वर्षीय नितिन जाखड़ ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून के लिए हुआ है। नितिन की ऑल इंडिया रैंक (AIR) 44 रही है और वे 9 जुलाई से देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी में प्रशिक्षण शुरू करेंगे।

नितिन जाखड़ ने यह मुकाम बिना किसी कोचिंग के हासिल किया है। पहले प्रयास में वे एसएसबी इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन पूरी करते हुए घर पर ही तैयारी जारी रखी और दूसरे प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली।

पिता सेना से सेवानिवृत्त

नितिन के पिता भूपेंद्र सिंह भारतीय सेना से दो वर्ष पहले सुबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता अंजू गृहिणी हैं। नितिन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, चाचा वजीर जाखड़, एसएसबी में सब-इंस्पेक्टर बहन रवीता जाखड़, परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत को दिया है।

हिसार कैंट में हुई पढ़ाई

नितिन का परिवार वर्तमान में हिसार कैंट के सातरोड में रहता है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी हिसार कैंट से पूरी की। बचपन से ही वे पढ़ाई के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं।

कड़ी मेहनत से हासिल की मंजिल

परिजनों का कहना है कि नितिन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन के दम पर बिना कोचिंग भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। परिवार ने बताया कि नितिन को घर का बना शुद्ध देसी खाना, विशेष रूप से चूरमा और हलवा, बेहद पसंद है।

गांव में खुशी का माहौल

नितिन के लेफ्टिनेंट बनने की खबर से खानपुर कलां में खुशी की लहर है। पूर्व सरपंच लालचंद, वजीर जाखड़ सहित ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। परिवार का कहना है कि नितिन की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह दिखाती है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।