April 19, 2024

बहादुरगढ़ में नक़ली नोट सप्लाई करने वाले 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों से करीब 48 हजार रुपये के नकली नोट भी बरामद हुए हैं। तीनों आरोपी हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से 100 और 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। जानकारी देते हुए डीएसपी अरविंद दहिया ने बताया कि दिल्ली के पंजाब खोड़ गांव निवासी मनजीत को बहादुरगढ़ की सीआईए पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। मनजीत की तलाशी ली गई तो उसके पास से 9500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए। बाद में पुलिस पूछताछ में मनजीत ने बताया कि उसने यह नोट सोनीपत के पीपली गांव निवासी फारुख से लिए थे। पुलिस ने फ़ारुख को भी गिरफ्तार कर लिया। फारुख से पुलिस को 38200 रुपये के नकली नोट मिले हैं। शाहरुख ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बागपत से वह नकली नोट खरीद कर लाता था ।

इसी सूचना पर पुलिस ने बागपत निवासी इसरार नाम के एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। नक़ली नोट सप्लाई करने वाले गिरोह की चेन तक पहुंचने के लिए पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी अरविंद दहिया ने बताया कि वे जल्द ही नक़ली नोट सप्लाई करने वाले गिरोह के सरगना तक पहुंचेंगे और नकली नोट कहां से आ रहे हैं और इन्हें कौन छाप रहा है, इसका पता लगाने की कोशिश भी पुलिस कर रही है। हम आपको बता दें कि बहादुरगढ़ में आरोपियों से बरामद किए गए 100 और 500 रुपये के नकली नोट देखने में बिल्कुल असली जैसे प्रतीत हो रहे हैं।

इनका कागज असली नोट के मुकाबले थोड़ा हल्का है। इन नकली नोटों पर नम्बर भी एक जैसे ही अंकित किये गए हैं। बाकी सभी पहचान असली नोटों जैसी ही हैं। देश में नकली नोटों के बाजार पर नकेल कसने के लिए ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में देश भर में नोटबंदी लागू की गई थी। लेकिन नकली नोट बनाने वाले अब एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। इन पर नकेल कसना बेहद जरूरी है। नहीं तो न सिर्फ आम लोगों को बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *