- 30 जून तक मौसम में बदलाव के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज के लिए हरियाणा के चार जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र शामिल है, जिनमें हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसके अलावा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून तक हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते गुरुवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
30 जून तक बारिश होने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 से 30 जून तक हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। साथ ही 26 से 27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश में कहीं-कहीं आंधी, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और आमजन को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
गुरुवार को इस तरह रहा जिलों का तापमान
बीते कल गुरुवार को अंबाला में 40.0 डिग्री, हिसार में 40.8 डिग्री, करनाल में 38.7 डिग्री, नारनौल में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इससे जून के अंतिम पखवाड़े में भी लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। आमतौर पर जून के अंत में प्रदेश में कई हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो जाती है। विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। यानी गर्मी से थोड़ी राहत तो मिलेगी, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।