June 18, 2026
18 june 1
  • 50 KM/H की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम विभाग ने 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर दक्षिण-पूर्व और उत्तरी हरियाणा के जिलों में बारिश होने की संभावना है। अगले तीन दिन तक लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से भीषण गर्मी और लू से भी राहत मिली है। प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है।

23 जून तक मौसम बदलता रहेगा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।
पहाड़ों की तरफ बढ़ेगा पश्चिमी विक्षोभ: इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इससे 18 जून की रात से 20 जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

22 व 23 को एक और विक्षोभ आएगा
इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, मगर रात में तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।

अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम

19 जून को पश्चिमी और मध्य हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी समेत कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा 20 जून को उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में यलो अलर्ट का असर रहेगा। 21 जून को उत्तरी हरियाणा के सीमित हिस्सों में गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।

जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…

बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ा
हरियाणा में मंगलवार के मुकाबले औसत अधिकतम तापमान में 3.5°C का उछाल देखा गया, जो अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला में 39.3°C, रोहतक में 39.3°C और चंडीगढ़ में 38.3°C पारा रहा। हालांकि, हिसार में सामान्य से 3.1°C और नारनौल में सामान्य से 7.4°C कम तापमान दर्ज किया गया।

न्यूनतम पारा सामान्य से 2.1°C नीचे
राज्य में रात के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4°C की मामूली गिरावट आई है, जो सामान्य से 2.1°C कम है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 20.0°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9°C कम है। वहीं हिसार में रात का पारा 21.7°C और गुरुग्राम में 21.0°C रहा।