- रोडमैप करेंगे पेश, SYL समेत निवेश और रोजगार पर फोकस
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी राष्ट्रपति भवन के कल्चर सेंटर में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली स्थित हरियाणा भवन से रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल शामिल होते हैं।
बैठक का मुख्य फोकस ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जमीन पर उतारना है। CM सैनी इस बैठक में हरियाणा के विकास का रोडमैप रखेंगे। उम्मीद है कि वे कृषि सुधार, जल संरक्षण, औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र से ज्यादा मदद मांगेंगे। SYL नहर और चंडीगढ़ जैसे अंतर-राज्यीय मुद्दे भी उठ सकते है।
सीएम ने पीएम को दी बधाई
इससे एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को संबोधित अपने पत्र में कहा कि यह अवसर उनके वंदन और अभिनंदन का है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित एवं जन-जन के लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं।
140 करोड़ लोगों ने दी सत्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में बीते 12 वर्ष राष्ट्र की सामूहिक चेतना के पुनर्जागरण, जनसेवा और विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुए हैं। प्रधानमंत्री का यह कालखंड सेवा, सुशासन, संकल्प, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित एक युगांतकारी यात्रा का साक्षी रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों ने विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त और गौरवशाली भारत के जिस सपने के साथ देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सौंपी थी, आज 140 करोड़ भारतवासी उस सपने को साकार होते हुए देख रहे हैं।
रेवाड़ी में की थी पहली रैली
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में आयोजित देश के पूर्व सैनिकों की रैली से प्रधानमंत्री ने अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की थी और उस रैली का उत्साह तथा हरियाणा के लोगों का स्नेह आज भी स्मरणीय है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के लोग सदैव राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं। प्रदेश के वीर जवानों, परिश्रमी किसानों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कर्मठ युवाओं ने हमेशा राष्ट्र के गौरव को बढ़ाया है। पिछले 12 वर्षों में देश ने जिस आत्मविश्वास, स्थिरता और विकास का अनुभव किया है, उससे हरियाणा का जन-जन भी नई ऊर्जा और नए विश्वास से भर गया है।