- एसोसिएशन प्रधान बोलीं- माफी मांगनी होगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में आज नर्सिंग स्टाफ 2 घंटे की हड़ताल करेगा। इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रहेगी। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्स फेडरेशन ने सीएम नायब सैनी को लेटर भेजकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया को पद से हटाने की मांग की है।
7 जून को कुरुक्षेत्र के LNJP (लोकनायक जयप्रकाश) सिविल अस्पताल में रेणु भाटिया ने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (PMO) डॉ. साराह अग्रवाल समेत ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को जमकर फटकार लगाई थी। भाटिया 15 वर्षीय लड़की के रेप मामले में दौरा करने पहुंची थी।
इस दैरान उन्होंने एक नर्स से पूछा था- क्या आपकी भी बेटी है? नर्स के हां में जवाब देने पर उन्होंने कहा, क्या आप अपनी बेटी को 15 मिनट के लिए भी किसी कमरे में अकेला छोड़ सकती हैं? फिर इस बच्ची को अकेला कैसे छोड़ दिया गया?
रेप केस में केयूके थाना पुलिस आरोपी डॉ. शैलेंद्र कुमार शैली को गिरफ्तार कर चुकी है। वह LNJP अस्पताल में कंसल्टेंट फिजिशियन के पद पर तैनात था। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं।
प्रदेशभर में विरोध शुरू
रेणु भाटिया के इस बयान पर सोमवार को कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में वर्क सस्पेंड रखा गया था, लेकिन अब यह विरोध प्रदेश भर में शुरू हो गया है। जिसके बाद हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन ने पूरे प्रदेश में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हड़ताल की कॉल ली है।
एसोसिएशन की प्रदेश प्रधान विनीता का कहना है- नर्सिंग स्टाफ के मान- सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। महिला आयोग अध्यक्ष को भी समझना चाहिए कि सामने नर्सिंग ऑफिसर भी महिलाएं ही हैं, जिनकी सार्वजनिक तौर पर बेइज्जती की गई।
भाटिया की इन 2 टिप्पणियों से नर्सें नाराज…
मिलीभगत का लगाया आरोप: रविवार को कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (PMO) डॉ. साराह अग्रवाल और तीन नर्सिंग ऑफिसर्स को सस्पेंड करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखने की बात भी कही थी। इसके अलावा, उन्होंने नर्सिंग स्टाफ पर आरोपी डॉक्टर से मिलीभगत के आरोप लगाए थे।
डॉक्टर की हरकत की जानकारी थी: रेणु भाटिया ने निरीक्षण के दौरान एक नर्स को कहा था कि अगर यह आपकी बेटी होती, तो क्या उसे 15 मिनट के लिए अकेला छोड़ देते? चेयरपर्सन के अनुसार, पीड़िता के साथ भर्ती एक अन्य मरीज ने आरोपी डॉक्टर की हरकतों के बारे में स्टाफ को जानकारी दी थी। उनका दावा है कि स्टाफ को सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद आरोपी डॉक्टर ने नाबालिग लड़की से रेप किया।
अब जानिए अस्पताल स्टाफ से क्या कहा था…
डॉक्टर ने लड़की को 100 रुपए क्यों दिए: रेणु भाटिया ने PMO से सवाल किया कि लड़की को इतनी देर तक कमरे में अकेला क्यों छोड़ा गया। ओपीडी के अंदर महिला स्टाफ क्यों मौजूद नहीं थी। आरोपी डॉक्टर ने लड़की को 100 रुपए क्यों दिए और उसके माता-पिता के बारे में पूछताछ क्यों की। भाटिया ने कहा, “100 रुपए देने का क्या मतलब था, क्या वह कोई लालच दे रहा था?”
नर्सिंग स्टाफ की मौजूदगी पर जवाब मांगा: भाटिया ने कहा कि लड़की ने महिला वार्ड में भर्ती एक मरीज को बताया था कि डॉक्टर उसे गलत तरीके से छूता है। उस मरीज ने तुरंत स्टाफ को इसकी जानकारी भी दी थी। उन्होंने पूछा कि उस समय वार्ड में कौन-कौन मौजूद था। साथ ही सवाल किया कि जब ओपीडी में तीन नर्सों की ड्यूटी लगी हुई थी, तो फिर लड़की वहां अकेली कैसे रह गई। इसके 20 मिनट बाद ही डॉक्टर ये यह कांड किया।
29 मई को लड़की से रेप हुआ
29 मई को कुरुक्षेत्र के एक गांव की 15 साल की लड़की अपने पिता को भर्ती कराने अस्पताल आई थी। उसके पिता को भर्ती कर लिया गया था। इसी दौरान लड़की ने भी पेट में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसने OPD में जांच कराई। वहां डॉक्टर शैली ने उसे फीमेल वार्ड में भर्ती कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर शैली ने लड़की को OPD में ले जाकर कई बार उसके साथ रेप किया।
जब लड़की को ब्लीडिंग हुई तो उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इसके बाद लड़की ने सीनियर डॉक्टरों को अपने साथ हुए रेप की जानकारी दी। इसके बाद डॉ. शैली अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। 31 मई को डॉ. शैली के खिलाफ केयूके थाने में पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने शैली की सेवाएं समाप्त कर दीं। 1 जून को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी डॉक्टर ने कहा कि “मुझसे गलती हो गई”।