May 16, 2026
16 may 12
  • हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने दी सुविधा, 60 दिन तक किया जा सकता है आवेदन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के वे स्टूडेंट जो अपने वार्षिक परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हैं, अब अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड ने इसके लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर विकल्प उपलब्ध कराया है। विद्यार्थी परिणाम घोषित होने के 60 दिनों के भीतर निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा वर्तमान में हाल ही में घोषित हुए बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट छात्रों के लिए उपलब्ध है।

यदि उत्तर पुस्तिका में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो छात्र 15 दिनों के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फॉर्म भरकर उसे ठीक करवा सकते हैं। आवेदन अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से या सरल पोर्टल पर अपनी आईडी बनाकर घर बैठे भी किया जा सकता है।

जमा करना होगा 500 रुपए का शुल्क

उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने के लिए प्रति कॉपी 500 रुपए का शुल्क जमा करना होगा। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी आरटीआई के माध्यम से नहीं ली जा सकती है। एक से अधिक विषयों के लिए भी एक ही फॉर्म भरकर शुल्क अदा किया जा सकता है।

यह प्रक्रिया पुनर्मूल्यांकन (री-एवैल्यूएशन) से अधिक सुविधाजनक मानी जा रही है। पुनर्मूल्यांकन में अक्सर विद्यार्थी संतुष्ट नहीं होते हैं, जबकि फोटोकॉपी से छात्र स्वयं त्रुटियों की पहचान कर सकते हैं और उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ठीक करवा सकते हैं।

ऐसे करे अप्लाई

आंसर शीट की फोटोकॉपी निकलवाने के लिए विद्यार्थी सरल हरियाणा पोर्टल पर सामान्य जानकारी भरकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकता है। इसके अलावा विद्यार्थी को आधार कार्ड, फॅमिली आईडी, एप्लीकेशन फार्म सहित एक अन्य आईडी और देनी होगी। आधार के अलावा जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, रिहायसी प्रमाण पत्र या पैन कार्ड में से एक आईडी दी जा सकती है।

ये छात्र ले पाएंगे लाभ

दसवीं, बारहवीं कक्षा के नियमित छात्र, दसवीं बारहवीं कक्षा के हरियाणा ओपन के छात्र, अप्रैल चांस के विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका कॉपी निकला सकते है।