- 14 दिन में सबूतों के साथ जवाब दूंगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रेसलर विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के कारण बताओ नोटिस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को विनेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि मुझे 1 जनवरी को ही खेलने की इजाजत मिल चुकी है। WFI ने मेरी लीव को गलत तरह से समझा है। मैं उत्तर प्रदेश के गोंडा में हो रही ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पात्र हूं। मैंने अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है।
विनेश ने यह भी कहा- मैंने डोपिंग नियमों का उल्लंघन नहीं किया। मैंने टेस्ट में शामिल न होने की जानकारी अधिकारियों को पहले ही दे दी थी। मैं 14 दिन में सबूतों के साथ WFI को जवाब दूंगी।
बता दें कि 9 मई को WFI ने विनेश को अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। WFI ने 15 पन्नों के नोटिस में लिखा था कि विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए छह महीने पहले सूचना नहीं दी। इसलिए वह 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताएं नहीं खेल पाएंगी।
WFI ने तारीखों को गलत समझा
विनेश फोगाट ने लिखा- मुझे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) से 9 मई 2026 का एक नोटिस मिला है। मैं अपने वकील और सलाहकारों से बात करके नोटिस में लिखे हर सवाल का जवाब विस्तार से दूंगी। WFI ने मेरे खेल से ब्रेक लेने और फिर से खेलने आने की तारीखों को गलत तरीके से समझा है।
1 जनवरी से खेलने की इजाजत मिली
उन्होंने कहा- WFI ने जो 26 जून 2026 की तारीख बताई है वो सही नहीं है। मुझे 1 जनवरी 2026 से ही खेलने की इजाजत मिल गई है। इसका सबूत मेरे पास अंतर्राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (ITA) से आया हुआ है। ITA एक संस्था है जिसे अंतर्राष्ट्रीय महासंघ UWW ने बनाया है, जो कुश्ती में डोपिंग (गलत दवाइयों का इस्तेमाल) को रोकने का काम करती है।
गोंडा में टूर्नामेंट खेलकर मैट पर वापसी करूंगी
विनेश ने कहा कि मैं 10 से 12 मई 2026 को गोंडा में हो रही सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में खेल सकती हूं। मैंने इसके लिए अपना नाम लिखवा दिया है और मैं इस टूर्नामेंट में खेलकर फिर से मैट पर वापसी करना चाहती हूं। सितंबर 2024 में मैं कहां थी और दिसंबर 2025 में मेरा टेस्ट छूटने के कारणों की मैंने अधिकारियों को पूरी जानकारी दी थी। ये दोनों बातें डोपिंग के नियमों का उल्लंघन नहीं हैं।
14 दिन में सबूतों के साथ जवाब दूंगी
उन्होंने यह भी कहा कि यह भी गलत है कि मैंने 2024 में NIS पटियाला में हुए ट्रायल में अलग-अलग वजन वर्ग में खेलकर नियम तोड़े। उस समय WFI की कमेटी को पता था कि मैं खेल रही हूं और उन्होंने मुझे रोकने के लिए कुछ नहीं कहा था। मैं 14 दिनों के अंदर WFI को सबूतों के साथ जवाब दूंगी। मैं यह साबित करूंगी कि मैं निर्दोष हूं। मुझे 2026 के एशियाई खेलों और दूसरे अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत के लिए खेलने का इंतजार है।