November 18, 2026
18nov 1
  • कल से घने कोहरे का यलो अलर्ट, पंचकूला-हिसार में 9.6°C पहुंचा तापमान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में सर्दी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

मंगलवार को हिसार और पंचकूला प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ के मुताबिक, प्रदेश के 9 जिलों में रात का तापमान 11 डिग्री या इससे नीचे चला गया है।

वहीं, इस बार कोहरा भी अपने सामान्य समय से करीब 25 दिन पहले दस्तक दे रहा है। विभाग ने 19 से 21 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

इन 9 जिलों में 11 डिग्री या उससे नीचे पहुंचा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान भिवानी में 29.7 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन रातें तेजी से सर्द हो रही हैं। हरियाणा के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 11°C या इससे कम रिकॉर्ड हुआ है।

इसमें हिसार में 9.6°C (बालसमंद में 10.1°C), पंचकूला: 9.6°C, महेंद्रगढ़: 10.0°C (नारनौल में 10.5°C), यमुनानगर: 10.1°C, करनाल: 10.2°C (इंद्री में 10.4°C), रेवाड़ी 10.2°C, कैथल 10.5°C, झज्जर 10.8°C और अंबाला में 11.0°C डिग्री दर्ज किया गया।

 

जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम…

सामान्य से 25 दिन पहले कोहरे की दस्तक : आमतौर पर हरियाणा में कोहरे का सीजन दिसंबर के दूसरे सप्ताह (10 दिसंबर के आसपास) शुरू होता है, लेकिन हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव के चलते इस बार नवंबर के तीसरे हफ्ते में ही घना कोहरा छाने जा रहा है।

21 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा : मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क (Dry) रहेगा, लेकिन अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।

कल से तीन दिन छाएगा कोहरा : मौसम विभाग के अनुसार आज 18 नवंबर को मौसम साफ रहेगा।19 नवंबर को 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह (मेवात) में कहीं-कहीं घने कोहरे का येलो अलर्ट।

सरसों-चना की बिजाई करें किसान

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार और मौसम विभाग की एग्रोमेट एडवाइजरी यूनिट ने शुष्क मौसम और गिरते तापमान को देखते हुए किसानों व पशुपालकों के लिए विशेष सलाह जारी की है।

सरसों व राया: खेत में पर्याप्त नमी होने पर RH 30, RH 0749, RH 0406, वरुणा या लक्ष्मी किस्म की बिजाई करें। बिजाई से पहले प्रति किलो बीज को 2 ग्राम कार्बेन्डाजिम से उपचारित जरूर करें।

चना: सिंचित क्षेत्रों में C 235, HC 5 और बारानी (असिंचित) क्षेत्रों में HC 1 किस्म बोएं। फफूंद रोग से बचाव के लिए प्रति किलो बीज को 4 ग्राम बायोडर्मा, 1 ग्राम विटावैक्स (5 मिली पानी में मिलाकर) व राइजोबियम से उपचारित करें।

कपास, धान व बाजरा: रेशे की गुणवत्ता बचाने के लिए सुबह धूप निकलने और ओस सूखने के बाद ही कपास की चुगाई करें। धान की कटाई से 2 सप्ताह पहले सिंचाई बंद कर दें और पराली बिल्कुल न जलाएं। पकी हुई बाजरा व ग्वार की फसल की जल्द कटाई-थ्रेशिंग करें।

चारा व पशुपालन: जई और बरसीम की बिजाई शुरू करें। ठंड से बचाव के लिए पशुओं को शेड के नीचे रखें और रोजाना चारे के साथ 50 ग्राम आयोडीन नमक व 50-100 ग्राम मिनरल मिक्सचर दें।