- 42.5°C पहुंचा पारा, नारनौल सबसे गर्म
- फसल कटाई और बुवाई टालने की सलाह
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा में मौसम ने अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में सूर्य देव की तपिश के साथ अब रातें भी पसीने छुड़ाने लगी हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में लू और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य के 13 जिलों में लू का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया, जबकि 8 शहरों में रातें भी गर्म यानी ‘वार्म नाइट’ रहने की चेतावनी दी गई है। विशेषकर दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में गर्मी का सितम अधिक देखा जा रहा है।
तापमान की बात करें, तो प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से 1.7°C तक ऊपर बना हुआ है। 7 शहरों में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है, जो रात की बेचैनी को बढ़ा रहा है। इसमें भिवानी, नूंह, नारनौल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला और रोहतक शामिल हैं।
किसानों के लिए एडवाइजरी जारी
सरसों की कटाई
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अगले 3-4 दिनों तक सरसों की कटाई और गहाई रोक दें। कटी हुई फसल को रस्सियों से बांधकर सुरक्षित रखें, ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो।
बुवाई पर रोक
कपास, मूंग, उड़द और सब्जियों (भिंडी, घीया, खीरा) की बुवाई को फिलहाल 3 दिनों के लिए टालने की सलाह दी गई है।
सिंचाई व छिड़काव
फलों के पेड़ों (अमरूद, नींबू, बेर) में नियमित सिंचाई करें। हालांकि, अगले 3 दिनों तक किसी भी प्रकार के कीटनाशक छिड़काव से बचने को कहा गया है।
पशुधन
पशुओं को दिन के समय छायादार और हवादार शेड में रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पिलाएं, ताकि वे हीट स्ट्रेस से बच सकें।
अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढोतरी
हरियाणा में दिन का पारा तेजी से चढ़ा है। औसतन अधिकतम तापमान में 1.1°C की वृद्धि देखी गई है, जो सामान्य से 2.3°C अधिक है। नारनौल 42.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। रोहतक में 42.2°C, सिरसा में 41.6°C और हिसार में 41.2°C तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4°C की और बढ़ोतरी हो सकती है। भीषण गर्मी के कारण दिन के समय लू के थपेड़े चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यमुनानगर में सबसे कम तापमान
रातों के तापमान में भी 0.7°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7°C ऊपर चल रहा है। जहां फरीदाबाद में रात का तापमान 27.2°C तक पहुंच गया, वहीं यमुनानगर में यह सबसे कम 18.9°C दर्ज किया गया। अंबाला, गुरुग्राम और नारनौल जैसे शहरों में रात का पारा सामान्य से 3.7°C से 4.8°C तक अधिक रहा।
इस वृद्धि के कारण ‘वार्म नाइट’ की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है