- पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में रहेगा असर, 10 शहरों में तापमान 40 डिग्री पार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम ने तेज यू-टर्न लिया है। एक तरफ जहां गुरुवार को भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया, वहीं अब मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राहत का संकेत दिया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान औसतन 1.5°C बढ़ा और यह सामान्य से 3.6°C ऊपर पहुंच गया। महेंद्रगढ़ का नारनौल 42°C के साथ सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग ने आज शुक्ववार को पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के 10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ में मौसम बदलेगा।
यहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं गर्मी की बात करें तो गुरुवार को हरियाणा के 10 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। सबसे ज्यादा तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा
हरियाणा में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक दर्ज किया गया। नारनौल 42°C के साथ सबसे गर्म रहा। रोहतक 41.9°C, फरीदाबाद 41.6°C, हिसार 41.2°C और गुरुग्राम 40°C पर पहुंच गया। भिवानी, जींद, पानीपत और आसपास के कई शहरों में भी पारा 40°C के पार दर्ज हुआ। लगातार बढ़ते तापमान से दोपहर में लू जैसे हालात बनने लगे हैं। धूप तीखी होने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में आंधी और बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट संभव है।
रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन 0.7°C की वृद्धि के साथ कई जिलों में रातें गर्म होने लगी हैं। नारनौल और चरखी दादरी में रात का तापमान 24°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है। वहीं महेंद्रगढ़, हिसार और रोहतक में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि कुछ क्षेत्रों में राहत बनी हुई है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ, जिससे हल्की ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल और तेज हवाओं के कारण रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।