May 19, 2024

इनेलो नेता अर्जुन चौटाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने आम जीवन को मुश्किल बना दिया है। हर उस चीज को महंगा व मुश्किल कर दिया, जो आम आदमी को जीवन यापन के लिए चाहिए। चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य या अन्य जरूरत की व्यवस्था। गांव भूना में इनेलो प्रत्याशी अभय चौटाला के लिए चुनावी जनसंपर्क में अर्जुन चौटाला ने कहा कि इस बार का आम चुनाव नहीं है। यह अहम चुनाव है।

जिसका देश की जनता पर बड़ा असर होगा। 1960 व 70 के दशक में ऊपर की वोट कांग्रेस की वोट जाती थी। इसके बाद ताऊ देवीलाल ने गांव दर गांव जाकर समझाया कि ऊपर वाली वोट का ज्यादा असर है। अभय सिंह चौटाला को वोट डाल कर जिताओगे तो आपकी आवाज जैसे विधानसभा में उठाई वैसे ही लोकसभा में उठाएंगे। आज भी उनकी यह बात लागू है कि ऊपर वाला वोट बहुत जरूरी है कि सही जगह वोट डाला जाए।

यदि यह वोट गलत जगह पड़ जाए तो बुरा असर होता है। ऊपर की सरकार का ही असर है कि गैस का जो सिलेंडर 250 रुपये में खरीदा जाता था। वही सिलेंडर 1100 में खरीदना पड़ रहा है। भाजपा सरकार ने खाद को महंगा कर दिया है। इसी प्रकार से अन्य सभी जरूरत की चीजें महंगी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल ने बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी, जो आज तीन हजार हो गई है। आज देवीलाल का पोता कुरुक्षेत्र की जनता के बीच में हैं।

जबकि उनके खिलाफ जो लोग भाजपा व कांग्रेस के लोग हैं। उन्होंने बुढ़ापा पेंशन काटी। चुनाव में इस बात का ध्यान दें कि अपना कौन और पराया कौन? भाजपा कहती है कि मोदी ने देश का विकास कर दिया। जबकि देश के हालात आज सभी के सामने हैं। आम जनता को सरकार में सुनवाई चाहिए। गांव में बढ़िया सरकारी स्कूल होना चाहिए। गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं होनी चाहिए।

आम आदमी को जिस चीज की जरूरत है, उसे महंगा व मुश्किल कर दिया है। वहीं दूसरी ओर ताऊ देवीलाल के पोते अभय चौटाला ने वायदा किया है कि बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर तीन से साढ़े सात हजार रुपये किया जाएगा। लोगों को चांद वाले रॉकेट की नहीं बल्कि साढ़े सात हजार की पेंशन चाहिए। इसलिए आने वाले चुनाव में भाजपा कांग्रेस के उम्मीदवारों को सीधा कह दें कि वे गांव के विकास के लिए चश्में के निशान का बटन दबाएंगे। इस अवसर पर उनके साथ अनेकों इनेलो नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *