May 19, 2024

इनेलो प्रत्याशी अभय चौटाला ने सोमवार को लाडवा हलका के दर्जनों गांवों का दौरा कर वोट की अपील की। उन्होंने गांव मोरथला में आयोजित जनसभा में भाजपा सहित कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि देश की जनता अब बदलाव चाहती है और लोकसभा चुनाव में बदलाव होगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश व देश के हालात खराब हैं। भाजपा शासन में हर वर्ग दुखी है। भाजपा द्वारा किए गए वायदों में से एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। अब भाजपा फिर से झूठा नारा 400 पार का दे रही है। लोगों को झूठा झांसा देकर विकसित भारत का सपना दिखा रहे हैं।

भाजपा यह नहीं बता रही कि उन्होंने पिछले दस साल में कौन-कौन से वायदे किए थे और कौन-कौन से पूरे किए हैं। उल्टा भाजपा ने सभी बड़ी-बड़ी सरकारी संस्थाओं को अंबानी अडानी को दे दिया। जिनसे सरकार के खजाने भरते थे। भाजपा ने रेल, हवाई कंपनी व हवाई अड्डे तक बेच डाले।

इसके साथ-साथ बीमा क्षेत्र की कंपनियां, बैंकों को भी बेच दिया। यहां तक कि 19 लाख करोड़ का कर्जा वसूलने की बजाए बड़े लोगों अंबानी व अडानी का कर्ज माफ कर दिया। अब विकसित भारत की बात कर रहे हैं। जिन्होंने देश बेच दिया, आप उनसे यह उम्मीद कैसे कर सकते हैं कि वे विकसित भारत बनाएंगे।

मोदी ने कहा था कि भाजपा की सरकार आने पर कांग्रेस ने 70 साल में पैसा लूटकर जो विदेशों में जमा करवाया है, उसे वापस लाकर सभी के खाते में 15 लाख रुपये जमा करवाए जाएंगे। वायदा किया था कि हर साल दो करोड़ बच्चों को नौकरी व रोजगार दिया जाएगा। दस साल में बीस करोड़ को रोजगार मिलना था। किसानों से एमएसपी का कानून बनाने का वायदा किया था। 2022 में फसल के दाम दोगूने करने का वायदा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *