May 16, 2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने शनिवार को करनाल में आयोजित कार्यक्रमों व नुक्कड़ सभाओं में लोगों से भाजपा के करनाल लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल व करनाल विधानसभा उप चुनाव में प्रत्याशी नायब सिंह सैनी को भारी मतों से जितवाने की अपील की।

भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में किए गए वादों व बीते 10 सालों में किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विश्व गुरु बनाने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक का साथ जरूरी है।

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी मॉडल टाउन में राजेश सेठी, मॉडल टाउन दयानंद कालोनी में गोवर्धन पेठा बैंक कालोनी में निर्मल बहल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में पहुंची। उन्होंने कहा कि करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल व करनाल विधानसभा उप चुनाव प्रत्याशी नायब सिंह सैनी को भारी बहुमत से जिताएं।

सुमन सैनी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के शासन में देश को दोनों हाथों से लूटने का काम चल रहा था। जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने उसके बाद देश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ। भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसा गया। घोटालेबाजों का पर्दाफाश किया गया।

घोटालों पर विराम लगाने का काम हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न होते तो राम मंदिर न बनता। सुमन सैनी ने लोकसभा चुनाव के लिए जारी भाजपा के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार साल 2020 से 80 करोड़ से ज्यादा परिवारों को फ्री राशन दे रही है। यह योजना आने वाले पांच साल तक जारी रहेगी।

एक करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर सशक्त किया गया है, भविष्य में तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाया जाएगा। औद्योगिक और व्यवसायिक क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। जिसमें शिशुगृह की सुविधा होगी। आने वाले पांच साल नारीशक्ति की नई भागीदारी के होंगे।

भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 साल से ऊपर के हर वृद्ध को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। उन्हें पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रमों में सुमन सैनी को फूल मालाएं भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने फिर से मोदी सरकार चुनने का वादा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *