May 20, 2024
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित धरोहर हरियाणा संग्रहालय के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को हवन यज्ञ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्यातिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा तथा विशिष्ट अतिथि कुवि कुलसचिव  प्रो.  संजीव शर्मा उपस्थित हुए। धरोहर म्यूजिम के स्थापना दिवस के अवसर पर सैल्फी कॉर्नर का उद्घाटन भी कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा किया गया।
इस मौके पर कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि धरोहर हरियाणा संग्रहालय हरियाणा ही नहीं अपितु पूरे भारत का एकमात्र ऐसा संग्रहालय है जिसके माध्यम से हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है। यह युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश का एकमात्र ऐसा विश्वविद्यालय हैै जिसने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए धरोहर जैसे संग्रहालय को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि धरोहर कल्चर, इतिहास व विश्वविद्यालय की दूरदृष्टि का परिणाम है। यह एक ऐसा अद्भुत म्यूजिय़म है जिसमें पूरे हरियाणा की संस्कृति के दर्शन किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि धरोहर संग्रहालय में हरियाणा के ग्रामीण परिवेश को जिस तरीके से प्रस्तुत किया गया है वह हमारे सामाजिक व सांस्कृतिक परिवेश को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमेशा मिल-जुलकर रहने की रही है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि समाज में जिस तरह से आज विकृतियां बढ़ रही हैं, ऐसे में जीवन मूल्यों की रक्षा के लिए ऐसे संस्थानों की स्थापना करना जरूरी है।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का धरोहर हरियाणा संग्रहालय हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम कर रहा है। 28 अप्रैल 2006 को जिस पौधे को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने लगाया था आज वह हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनते हुए नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति के बारे में बता रहा है।
धरोहर को स्थापित करने के सुखद परिणाम निकले हैं। आज कुरुक्षेत्र की पहचान का एक प्रतीक धरोहर संग्रहालय बन चुका है। कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने धरोहर म्यूजियम के सही रखरखाव के लिए क्यूरेटर डॉ. विवेक चावला व पूरी टीम की सराहना भी की।
इस अवसर पर कुलपति ने धरोहर संग्रहालय की सराहना करते हुए इस के विस्तार योजना का भी आश्वासन दिया और जल्दी ही संग्रहालय के नए द्वार तथा दक्षिण भाग में नई संग्रहालय दीर्घा के निर्माण योजना पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *