May 20, 2024

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा है कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी की सहायता से इतिहास को अत्यधिक प्रामाणिक रूप में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान परंपरा भी इन्हीं तत्वों पर बल देती है।

भारत के इतिहास के संदर्भ में भारतीयों से एक बहुत बड़ी गलती हुई कि भारत में भारतीयों ने ही अपने देश का इतिहास लिखने का काम विदेशियों के हाथ में छोड़ दिया। जबकि हमको यह समझना चाहिए था कि विदेशी किसी भी देश का सही इतिहास नहीं लिख सकते, आखिर आक्रमणकारी देश कैसे अपने उपनिवेश के इतिहास को संस्कृति को स्वयं से महान मान सकता है।

कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने यह विचार केयू डॉ भीमराव अंबेडकर अध्ययन केन्द्र एवं अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में सीनेट हॉल में ‘इतिहास पाठ्यक्रम : वर्तमान परिप्रेक्ष्य व चुनौतियां’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय उत्तर क्षेत्र कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि अंग्रेजी इतिहासकारों और औपनिवेशिक मानसिकता के भारतीय इतिहासकारों की बजाय भारतीय दृष्टि रखने वाले इतिहासकारों को यह कार्य दिया जाना चाहिए था। किसी देश को अगर नष्ट करना हो तो उसके इतिहास को नष्ट कर दो क्योंकि इतिहास को नष्ट करने से उसकी संस्कृति नष्ट हो जाएगी और संस्कृति अगर नष्ट हो गई तो वह राष्ट्र और उसकी राष्ट्रीयता नष्ट हो जाएगी।

भारतीय गुरुकुल प्रणाली और भारतीय ज्ञान परंपरा का इतिहास से अटूट संबंध रहा है। स्मृति एवं श्रुति आदि के माध्यम से हमारा ज्ञान और हमारा इतिहास सदियों तक संचित रहा लेकिन अंग्रेजों के औपनिवेशिक प्रभाव ने इसे प्रदूषित कर दिया और हमारे इतिहास का ऐतिहासिक विकृतिकरण हो गया।

यह दुर्भाग्य ही कहा जा सकता है कि भगत सिंह जैसे आदर्श क्रांतिकारी व्यक्तित्व को औपनिवेशिक मानसिकता से ग्रस्त तथाकथित इतिहासकारों ने आतंकवादी की श्रेणी मिलकर खड़ा कर दिया। ऐसे और अनेक प्रमाण है जिनके आधार पर कहा जा सकता है कि भारतीयों को भारत के सही इतिहास से वंचित कर आत्मविश्वास से वंचित किया गया। इस अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि हम सभी भारतीय अपने गौरवशाली अतीत को सही वैज्ञानिक दृष्टि से इतिहास लिखते हुए संपूर्ण विश्व के सामने प्रस्तुत करेंगे।

कार्यशाला के समापन सत्र में सभी अतिथियों का विस्तृत परिचय उत्तर क्षेत्र संगठन सचिव डॉ प्रशांत गौरव द्वारा करवाया गया। इस कार्यक्रम में सभी का औपचारिक स्वागत डॉ बीआर अंबेडकर अध्ययन केंद्र की सह निदेशक डॉ. प्रीतम सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने भारतीय इतिहास की त्रुटियों को दूर करने में केयू द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *