May 2, 2024

हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा विधायक श्री अनिल विज ने अम्बाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के साथ अम्बाला छावनी में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत मंगलवार शाम विशाल “विजय संकल्प यात्रा” निकालते हुए की।

अंबाला के फारूखा खालसा स्कूल से प्रारंभ हुई विजय संकल्प यात्रा छावनी के कई बाजारों से होती हुई वापिस खालसा स्कूल परिसर पर संपन्न हुई।

ढोल-नगाड़ों की धुनों पर संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत बाजारों में दुकानदारों द्वारा फूलों की बरखा करते हुए किया गया। अलग-अलग बाजारों में फूलों की बौछार की गई तो कई स्थानों पर पटाखों से आतिशबाजी की गई।

इस दौरान पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी की जनता ने जिस प्रकार से हर बाजार व चौक-चौक पर यात्रा का फूल बरसाकर एवं पटाखे बजाकर स्वागत किया उससे लोगों की सोच का पता चलता है कि वह नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने के लिए हमारे से भी चार कदम आगे खड़े हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यह देश के भविष्य का चुनाव है और इसलिए इस चुनाव में पूरी ताकत झोंकते हुए कार्यकर्ता मैदान में उतरे। इस बार 400 पार के नारे को सफल करने के लिए हमने आज यह यात्रा का आयोजन किया।

अम्बाला लोकसभा चुनाव प्रत्याशी बंतो कटारिया के अम्बाला छावनी चुनाव अभियान का यात्रा से श्री गणेश किया गया है।

हवन से शुरुआत करते हुए इसके बाद जन संकल्प यात्रा निकाली गई। यह चुनाव अभियान का श्रीगणेश है और आने वाले समय में चुनाव प्रचार के और भी कई कार्यक्रम होंगे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री विज ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नामांकन के समय भी भारी संख्या में अम्बाला छावनी से कार्यकर्ता जाएंगे और अम्बाला छावनी का जत्था सबसे बड़ा होगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगाकर कमल का फूल अम्बाला लोकसभा में खिलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यह देश के भविष्य का चुनाव है और इसलिए इस चुनाव में पूरी ताकत झोंकते हुए कार्यकर्ता मैदान में उतरे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *