April 29, 2024

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता और “आप” के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर किसानों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा।

उनके  साथ ओमप्रकाश गुर्जर, विशाल खुब्बड़, मास्टर सतबीर गोयत और जगवीर हुड्डा मौजूद रहे। इससे पूर्व, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा हरियाणा के अध्यक्ष और 2009 व 2014 में कैथल विधानसभा राष्ट्रीय आर्य राजसभा के उम्मीदवार रहे नरेश आर्य ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। वहीं युवा नेता राहुल दादू के नेतृत्व में कुरूक्षेत्र के 500 युवा अन्य पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है। देश के किसानों ने सवा साल तक दिल्ली के बॉर्डरों पर संघर्ष किया। जिसमें 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी को माफी मांग कर तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े। उसके बाद से भाजपा के मन में किसानों के प्रति नफरत पैदा हो गई।

जब जब फसल आती है तो हर बार किसानों के साथ गंदा खेल खेला जाता है। आज भी भाजपा सरकार किसान और मंडियों से लगातार मुंह फेर रही है। मौसम विभाग की अनेकों चेतावनियों के बाद भी सरकार ने मंडियो में पुख्ता इंतजाम नहीं किए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो दिन हुई बारिश और बूंदाबांदी से अन्नदाता की मेहनत पर फिर गया। लगभग 15 लाख टन फसल भीगने से खराब हो गई। रविवार को भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश हुई जिसकी चेतावनी मौसम विभाग ने पहले से दे रखी थी। परंतु ज्यादातर मंडियों में अनाज खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा।

सिर्फ मंडियों में नहीं खेतों में भी गेहूं और सरसों पूरी तरह से भीग गई है। एक तरफ जहां मंडियों में अनाज के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार की नाकामी की वजह से उठान नहीं हो रहा है। क्योंकि भाजपा सरकार ने अपने चेहतों को ठेके दे दिए हैं।

इसलिए सरकार उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती। इतना ही नहीं मंडियों में बारदाने की किल्लत होती जा रही है। कुछ मंडियों में तो कहा जा रहा है कि अनाज सीधा अंबानी के गोदामों में भेजो। भाजपा मंडी सिस्टम को खत्म करने पर तुली है।

उन्होंने कहा कि किसान परेशान है और सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही। इस सरकार के रहते किसानों का संघर्ष खत्म ही नहीं हो रहा। भाजपा सरकार ने किसान को बेहद खराब स्थिति में ला दिया है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।

मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि मंडियों में लाडवा, रादौर, बबैन, थानेसर, शाहाबाद, कैथल, ढांड, कलायत, पेहवा और गुहला चिका में मंडियां फसल से भरी हुई है। लेकिन सरकार का कोई ध्यान नहीं है। यदि चरखी दादरी जिले की बात करें तो मंडियों में 1.89 लाख क्विंटल गेहूं मंडी में पड़ा खराब हो गया है।

भिवानी में तो सरकार ने सारी हदें पार कर दी है, खुले आसमान के नीचे 7.5 लाख क्विंटल फसल भीग गई। सिरसा में 2 लाख क्विंटल फसल खराब हो गई। वहीं हिसार मकी मंडियों में भी 1,92000 बैग का उठान अभी भी बाकी है और शेड की कोई सुविधा न होने के कारण 66000 क्विंटल सरसों खुले में सड़ रही है।

सोनीपत में 6 लाख क्विंटल गेहूं खुले में पड़ी है, रोहतक में 20000 क्विंटल, झज्जर में 140530 क्विंटल, रेवाड़ी में 276487 क्विंटल फसल बारिश में भीगने के कारण  सड़ रही है। परंतु किसान सरकार के इस अत्याचार के सामने लाचार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों की सारी मेहनत पर पानी फेर रही है। सरकार पहले खुद इंतजाम नहीं करती और फिर उठान के समय ठीकरा किसानों पर फोड़ती है। पहले फसल को खराब करेगी फिर कहती है सस्ते में दे जाओ।

भाजपा सरकार में किसानों पर चौतरफा हमला हो रहा है और सरकार के पास किसान की फसल को खराब होने से बचाने का कोई प्लान नहीं है। और न ही सरकार किसानों को खराब फसल का मुआवजा दे रही है।

भाजपा सरकार न मुआवजे की बात करती है, न फसल खरीदने की और एमएसपी  की बात कर रही है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि फसल खराब होने की वजह से किसान को भाव कम मिलता है उसकी भरपाई हरियाणा सरकार करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *